1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मोदक बनाने की सबसे आसान रेसिपी, नारियल-मावा मोदक के बिना अधूरा है बप्पा का भोग, ऐसे तैयार करें

मोदक बनाने की सबसे आसान रेसिपी, नारियल-मावा मोदक के बिना अधूरा है बप्पा का भोग, ऐसे तैयार करें

 Written By: Bharti Singh
 Published : Sep 14, 2026 12:36 pm IST,  Updated : Sep 14, 2026 12:36 pm IST

गणेश चतुर्थी का त्योहार बिना मोदक के अधूरा माना जाता है। इस दिन बप्पा को तरह-तरह के मोदक बनाकर लोग भोग लगाते हैं। अगर आपको मोदक बनाना नहीं आता तो हम आपको मोदक की सबसे आसान रेसिपी बता रहे हैं। जिसे हर कोई आसानी से बना सकता है। फटाफट नोट कर लें मोदक की सबसे आसान रेसिपी।

मोदक की आसान रेसिपी- India TV Hindi
मोदक की आसान रेसिपी Image Source : INDIA TV

भगवान गणेश को लड्डू और मोदक सबसे ज्यादा प्रिय हैं। गणेश चतुर्थी पर खासतौर से अलग-अलग तरह के मोदक बनाए जाते हैं। महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक आपको मिठाइयों की दुकानों में मोदक सजे हुए मिल जाएंगे। अगर आप बाजार से मोदक नहीं खरीदना चाहते तो घर में आसानी से मोदक बनाकर बप्पा को भोग लगा सकते हैं। इसके लिए आज हम आपको मोदक की सबसे आसान रेसिपी बता रहे हैं। जिसे आपके बच्चे भी आसानी से खुश होकर बना सकते हैं। आइये जानते हैं मोदक बनाने की सबसे आसान रेसिपी क्या है?

मोदक की सबसे आसान रेसिपी

पहला स्टेप- मोदक बनाने के लिए आप 1 कप नारियल का पाउडर ले लें। नारियल का पाउडर जो बाजार में मिलता है वही खरीदकर इस्तेमाल करें। अब जितना नारियल लिया है उतना ही मिल्क पाउडर ले लें। अब उसी नाप से चीनी लें और चीनी में थोड़ी इलायची के दाने डालकर बारीक पीस लें। सारी चीजों को किसी बाउल में अच्छी तरह से मिक्स कर लें। 

दूसरा स्टेप- अब थोड़े दूध में केसर के धागे भिगोकर रख दें। अगर आपके पास मावा है तो थोड़ा डाल सकते हैं। हम यहां बिना खोया के ही सिर्फ दूध से सारी चीजों को मिलाकर एक सॉफ्ट डो यानि आटे जैसा तैयार करेंगे। स्टफिंग वाले मोदक बनाने हैं तो पसंदीदा मेवा को बारीक काट लें। अब मोदक बनाने वाले सांचे लें और उसमें तैयार किए हुए आटे को भरें। बीच में थोड़ी जगह करके मेवा का स्टफिंग भरें। इसी तरह दबाते हुए सारे मोदक तैयार कर लें।

तीसरा स्टेप- अगर मोदक बनाने का सांचा नहीं है तो आप तैयार मिश्रण को चपटा करके उसमें स्टफिंग भरें और फिर गोल करके उसे मोदक जैसी नुकीली शेप दें। अब फोक की मदद से मोदक जैसे लंबे डिजाइन बनाए। इस तरह बिना सांचे के भी स्वादिष्ट और एकदम मोदक जैसी शेप बनकर तैयार हो जाएगी। सारे मोदक इसी तरह से बनाकर रखते जाएं।

झटपट तैयार किए मोदक को बप्पा को भोग में चढ़ाए और बाद में प्रसाद के रूप में लोगों को बांटकर खिलाएं। अगर मिश्रण ज्यादा हो और आपको मोदक कम बनाने हों तो इसके लड्डू भी बना सकते हैं। लड्डू के ऊपर थोड़ा सूखा नारियल लपेट दें। बच्चों को ये मिठाई बहुत पसंद आएगी। मेहमानों के आने पर बिना मावा के आप इसे आसानी से तैयार कर सकते हैं।

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल