1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. सैर-सपाटा
  4. इन बर्फीली पहाड़ियों तक जाती है ट्रेन, विदेश नहीं भारत में है ये हिल स्टेशन, यहां जमकर होता है Snowfall

इन बर्फीली पहाड़ियों तक जाती है ट्रेन, विदेश नहीं भारत में है ये हिल स्टेशन, यहां जमकर होता है Snowfall

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Dec 31, 2025 09:22 am IST,  Updated : Dec 31, 2025 09:29 am IST

Snowfall In January In India: बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच आप ट्रेन से भी पहुंच सकते हैं। बर्फीली वादियों तक ट्रेन से सफर करना वाकई सुहाना हो सकता है। आप भी इस खूबसूरत जगह पर घूमने का प्लान बना लें।

जनवरी में बर्फबारी- India TV Hindi
जनवरी में बर्फबारी Image Source : FREEPIK

हिल स्टेशन पर ट्रेन से सफर करना अपने आप में बड़ा ही दिलचस्प लगता है। ऐसा नजारा कई बार विदेशों में देखने को मिलता है। स्विटजरलैंड की बर्फीली पहाड़ियों के बीच आपने ट्रेन से सफर करते हुए लोगों को देखा होगा, लेकिन अब ऐसा भारत में भी हो रहा है। जी हां भारत के जिस खूबसूरत हिल स्टेशन की हम बात कर रहे हैं वो इन दिनों बर्फ से ढका हुआ है। यहां पहुंचने के लिए आपको शानदार ट्रेन में सफर करने का मौका भी मिलेगा। हम बात कर रहे हैं जम्मू कश्मीर की, जहां जनवरी के महीने में काफी बर्फबारी होती है। आप श्रीनगर तक ट्रेन से सफर कर सकते हैं और बर्फबारी देखने पहुंच सकते हैं।

श्रीनगर में बर्फबारी

नए साल पर श्रीनगर और उसके आसपास के इलाकों में काफी बर्फबारी होती है। इस बार पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की वजह से मंगलवार की दोपहर कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हुई। बर्फ की सफेद चादर बिछ गई, जिसे देखकर सैलानियों और पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई। जनवरी के महीने में अगर आप श्रीनगर जाते हैं तो आपको स्नोफॉल देखने को जरूर मिल सकता है। 

श्रीनगर में घूमने की जगह

श्रीनगर में आप इन दिनों डल झील और निगीन झील देखने जा सकते हैं। इन झीलों को श्रीनगर की पहचान माना जाता है। यहां शिकारा की सवारी और हाउसबोट में रुकने का अनुभव ले सकते हैं। हालांकि बर्फ के कारण जनवरी में कई बार झील का पानी जम जाता है। इसके अलावा मुगल गार्डन जा सकते हैं। पहाड़ी पर स्थित शंकराचार्य मंदिर जा सकते हैं। यहां से बर्फीली पहाड़ियों का नजारा बहुत खूबसूरत लगता है। इंदिरा गांधी मेमोरियल ट्यूलिप गार्डन जा सकते हैं। यहां का परी महल प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व रखता है। श्रीनगर में वुलर झील का भी लुत्फ उठा सकते हैं।

ट्रेन से श्रीनगर कैसे पहुंचे

अगर आप दिल्ली या देश के किसी दूसरे शहर से श्रीनगर जाने का प्लान कर रहे हैं तो इसके लिए आपको सबसे पहले कटरा पहुंचना होगा। नई दिल्ली से कटरा के लिए आसानी से कई ट्रेन मिल जाएंगी। कटरा से श्रीनगर वाले रूट पर अभी सिर्फ 2 ट्रेन ही चलाई जा रही हैं। जिसमें जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती है। इसका समय कटरा से सुबह 8:10 पर है। ये ट्रेन 11:08 बजे श्रीनगर स्टेशन पहुंचेगी। दूसरी ट्रेन कटरा से दोपहर 2:55 बजे चलेगी और शाम 5:53 बजे श्रीनगर पहुंचेगी।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Travel से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल