1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. नए साल 2025 में कितने लगेंगे ग्रहण? भारत में दिखेगा सिर्फ एक, अभी से नोट कर लें तारीख

नए साल 2025 में कितने लगेंगे ग्रहण? भारत में दिखेगा सिर्फ एक, अभी से नोट कर लें तारीख

 Published : Dec 27, 2024 01:44 pm IST,  Updated : Dec 27, 2024 02:07 pm IST

अगले साल (2025) कितने सूर्य ग्रहण और कितने चंद्र ग्रहण होंगे? इसकी जानकारी सामने आ गई है। उज्जैन की प्रतिष्ठित वेधशाला के अधीक्षक डॉक्टर राजेंद्र प्रकाश गुप्त ने ये जानकारी दी है।

साल 2025 में कितने होंगे चंद्र ग्रहण- India TV Hindi
साल 2025 में कितने होंगे चंद्र ग्रहण Image Source : FILE PHOTO

कुछ ही दिनों में नए साल का आगाज होने वाला है। नया साल लोगों के जीवन में नई खुशियां और उत्साह लेकर आता है। नए साल यानी 2025 में सूर्य, पृथ्वी और चंद्रमा की चाल दुनिया को दो सूर्यग्रहणों और दो चंद्रग्रहणों के रोमांचक दृश्य दिखाएगी। हालांकि, उज्जैन की एक प्रतिष्ठित वेधशाला का यह पूर्वानुमान भारत के खगोलप्रेमियों को थोड़ा निराश कर सकता है कि देश में इनमें से केवल एक ग्रहण ही निहारा जा सकेगा। 

14 मार्च को चंद्रग्रहण

शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉक्टर राजेंद्र प्रकाश गुप्त ने बताया कि नए साल में ग्रहणों का सिलसिला 14 मार्च को लगने वाले पूर्ण चंद्रग्रहण से शुरू होगा। गुप्त ने बताया, 'नववर्ष का यह पहला ग्रहण भारत में नहीं देखा जा सकेगा, क्योंकि इस खगोलीय घटना के वक्त देश में दिन का समय होगा। यह खगोलीय घटना अमेरिका, पश्चिमी यूरोप, पश्चिमी अफ्रीका और उत्तरी व दक्षिणी अटलांटिक महासागर में दिखाई देगी।’ 

29 मार्च को आंशिक सूर्यग्रहण

जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉक्टर गुप्त ने बताया कि आगामी 29 मार्च को लगने वाला आंशिक सूर्यग्रहण भी भारत में नहीं देखा जा सकेगा। यह ग्रहण उत्तरी अमेरिका, ग्रीनलैंड, आईस लैंड, उत्तरी अटलांटिक महासागर, संपूर्ण यूरोप और उत्तर-पश्चिमी रूस में देखा जा सकेगा। 

7 और 8 सितंबर का चंद्रग्रहण, भारत में दिखेगा

उन्होंने कहा, 'भारतीय खगोलप्रेमियों को यह बात उत्साहित कर सकती है कि साल 2025 में 7 और 8 सितंबर के बीच लगने वाला पूर्ण चंद्रग्रहण देश में देखा जा सकेगा। यह ग्रहण एशिया के अन्य देशों के साथ ही यूरोप, अंटाकर्टिका, पश्चिमी प्रशांत महासागर, ऑस्ट्रेलिया और हिंद महासागर क्षेत्र में भी दिखाई देगा। 

21 और 22 सितंबर को आंशिक सूर्यग्रहण

गुप्त ने कहा कि 2025 का अंतिम ग्रहण आंशिक सूर्यग्रहण के रूप में 21 और 22 सितंबर के बीच लगेगा और यह खगोलीय घटना भारत में देखी नहीं जा सकेगी। उन्होंने कहा,'यह आंशिक सूर्यग्रहण न्यूजीलैंड, पूर्वी मेलानेशिया, दक्षिणी पोलिनेशिया और पश्चिम अंटार्कटिका में नजर आएगा।' 

बता दें कि जल्द ही समाप्त होने जा रहा साल 2024 उपच्छाया चंद्रग्रहण, पूर्ण सूर्यग्रहण, आंशिक चंद्रग्रहण और वलयाकार सूर्यग्रहण की चार खगोलीय घटनाओं का गवाह बना था। 

भाषा के इनपुट के साथ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।