Tuesday, February 03, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. BJP विधायक की बस ने ले ली पूरे परिवार की जान, पत्नी-बेटों संग घर लौट रहा था महेंद्र सोलंकी

BJP विधायक की बस ने ले ली पूरे परिवार की जान, पत्नी-बेटों संग घर लौट रहा था महेंद्र सोलंकी

भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के ट्रेवल्स की एक बस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में माता-पिता और उनके दो बच्चे शामिल हैं। यह घटना इंदौर के रिंगरोदिया गांव के पास हुई।

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2
Published : Sep 18, 2025 04:30 pm IST, Updated : Sep 18, 2025 04:30 pm IST
bjp mla- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बीजेपी विधायक की बस ने बाइक सवार परिवार को रौंदा।

मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में भाजपा के एक विधायक के परिवार के संचालित निजी ट्रैवल्स की यात्री बस की भीषण टक्कर से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। बाइक पर सवार महेंद्र सोलंकी अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ घर लौट रहा था। तभी तेज रफ्तार विधायक गोलू शुक्ला की बस ने चारों को रौंद दिया। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ भाजपा के दबाव में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ कमजोर कानूनी प्रावधानों में मामला दर्ज किया है। भाजपा ने इस आरोप को खारिज किया है।

कैसे हुआ हादसा?

इंदौर-उज्जैन रोड पर बुधवार देर रात एक बाणेश्वरी ट्रेवल्स की यात्री बस की टक्कर से 35 वर्षीय महेंद्र सोलंकी, उनकी पत्नी जयश्री सोलंकी (33) और इस दम्पति के दो बेटों-पांच वर्षीय जिगर और तेजस (14) की मौत हो गई। भीषण हादसे के वक्त ये चारों लोग एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि बस चालक मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था। यात्रियों ने उसे कई बार स्पीड कम करने के लिए टोका, लेकिन उसने अनसुनी कर दी। 

थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे के बाद फरार अज्ञात बस चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही से वाहन चलाना), धारा 125 (ए) (किसी व्यक्ति की जान को जान-बूझकर खतरे में डालने वाला काम) और धारा 106 (1) (लापरवाही से वाहन चलाने के कारण मृत्यु) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त

पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि यह बस भाजपा के स्थानीय विधायक राकेश गोलू शुक्ला के परिवार के संचालित बाणेश्वरी ट्रेवल्स की है। चश्मदीदों के मुताबिक बाणेश्वरी ट्रेवल्स की इस बस के पीछे 'गोलू' भी लिखा है। हादसे की भीषणता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

कांग्रेस प्रवक्ता ने क्या आरोप लगाया?

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता संतोष सिंह गौतम ने कहा कि भाजपा विधायक के परिवार के ट्रैवल्स की बस के चालक के खिलाफ कमजोर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है जो साफ दिखाता है कि पुलिस सत्तारूढ़ दल के दबाव में है। उन्होंने कहा, "बस के चालक पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। भाजपा विधायक के परिवार के ट्रैवल्स की तेज रफ्तार बसों के कारण इंदौर-उज्जैन रोड पर पहले भी गंभीर हादसे हो चुके हैं।" प्रदेश भाजपा प्रवक्ता आलोक दुबे ने कांग्रेस के आरोपों को नकारते हुए कहा, "राज्य सरकार हमेशा निष्पक्ष कदम उठाती है। कांग्रेस सड़क हादसे की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के राजनीतिकरण का कुत्सित प्रयास कर रही है।" 

(रिपोर्ट- भारत पाटिल)

यह भी पढ़ें-

दिल दहला देने वाला हादसा: भतीजे को डूबने से बचाने गए मां और बेटे, तीनों की हो गई मौत

दिल्ली BMW हादसा: आरोपी गगनप्रीत को आज नहीं मिली जमानत, वकील ने कहा- 'ये सामान्य एक्सिडेंट है'

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement