बैतूल: मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में आग ने तबाही मचा दी। यहां मंगलवार को एक खेत में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में ही मौजूद एक पोल्ट्री फार्म को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटे इतनी तेज थीं कि पूरा पोल्ट्री फार्म आग में जलकर राख हो गया। जानकारी के मुताबिक आग लगने की इस घटना में करीब 6 हजार मुर्गे-मुर्गियों की जलकर मौत हो गई है। वहीं इस घटना में लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह से मुर्गियों के लिए रखा गया अनाज और अन्य सामान भी जल गया है।
पोल्ट्री फार्म तक पहुंची खेत में लगी आग
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना जिला मुख्यालय से लगभग 70 किलोमीटर दूर मुलताई थाना क्षेत्र की है। यहां इटावा गांव के पास एक खेत में मंगलवार को भीषण आग लग गई। मासोद पुलिस चौकी के प्रभारी अमित पंवार ने बताया कि खेत में लगी आग ने पोल्ट्री फार्म को भी चपेट में ले लिया। फिलहाल आग लगने से मुर्गे-मुर्गियों की मौत की सूचना मिलने के बाद चौकी में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं पोल्ट्री फार्म के संचालक शाहिद शाह ने बताया कि इस घटना में करीब 6 हजार मुर्गे-मुर्गियां जल गए।
आग लगने से 15 लाख रुपये का नुकसान
पोल्ट्री फार्म के संचालक ने बताया कि इस घटना में उन्हें करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने से मुर्गी पालन में इस्तेमाल होने वाले सामान और दाने भी जलकर खाक हो गए। खेती करने के साथ ही पोल्ट्री फार्म का संचालन करने वाले शाहिद शाह ने बताया कि वह दोपहर के वक्त घर पर थे तभी खेत में आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि तेज हवा के कारण खेत में लगी आग पोल्ट्री फार्म तक पहुंचने लगी। उन्होंने बताया कि उन्होंने और उनके बड़े भाई शकील शाह ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन वह इतनी तेजी से फैली कि फॉर्म के अंदर तक पहुंच गई।
यह भी पढ़ें-
लड़की से चैटिंग करने पर मारपीट, पेशाब पिलाने और गंदगी खिलाने की कोशिश; चेहरे पर पोती कालिख