1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. बाबा बागेश्ववर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान, 'जिन्हें वंदे मातरम् बोलने में दिक्कत है उन्हें देश छोड़ देना चाहिए'

बाबा बागेश्ववर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान, 'जिन्हें वंदे मातरम् बोलने में दिक्कत है उन्हें देश छोड़ देना चाहिए'

 Published : Aug 15, 2024 03:00 pm IST,  Updated : Aug 15, 2024 03:08 pm IST

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि जिन लोगों को वंदे मातरम् कहने में परेशानी है उन्हें देश छोड़ देना चाहिए। छतरपुर जिले के राजनगर में अपने स्कूल पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने वहां तिरंगा फहराया।

Dhirendra Krishna Shastri - India TV Hindi
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री Image Source : FILE

छतरपुर (मध्य प्रदेश):  बाबा बागेश्वर के नाम से प्रसिद्ध पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गुरुवार को कहा कि जिन्हें वंदे मातरम् कहने में परेशानी है उन्हें देश छोड़ देना चाहिए।  स्वाधीनता की 77वीं वर्षगांठ पर छतरपुर जिले के राजनगर में अपने स्कूल पहुंचे धीरेंद्र शास्त्री ने वहां तिरंगा फहराया। इस दौरान वह काफी खुश दिखे। उन्होंने कहा, " ‘हर घर तिरंगा अभियान’ देश के लिए बहुत जरूरी है और हम इसका समर्थन करते हैं। लेकिन, कुछ ऐसे भी हैं जिन्हें वंदे मातरम् बोलने में दिक्कत है, उन्हें देश छोड़ देना चाहिए।"

Related Stories

 पुरानी यादें ताजा हुईं

मीडिया से बातचीत के दौरान बाबा बागेश्वर ने कहा कि यहां आकर आज उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है, क्योंकि जिस विद्यालय में पढ़ाई की है, आज उसी में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडा फहराने का मौका मिला है। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि स्कूल में आकर पुरानी यादें ताजा हो गई। मीडिया के सामने वह खान सर को लेकर आए। शास्त्री ने कहा कि "इन्होंने हमें शिक्षा दी। बचपन से ही उनका स्नेह मिलता रहा है। इससे बड़ा सौभाग्य मेरे लिए क्या हो सकता है।"

सोच अच्छी है तो राष्ट्र के लिए अच्छा करेंगे

देश के युवाओं से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण नहीं कि आप पढ़ते कहां हैं, महत्वपूर्ण यह है कि आप सोच कैसी रखते हैं। अगर आपकी सोच अच्छी है तो आप जरूर राष्ट्र के लिए अच्छा करेंगे। उन्होंने कहा, "मेरे लिए इससे बड़ा गौरव क्या होगा - जहां मैंने शिक्षा हासिल की, वहीं आया हूं। इसलिए, कुछ ऐसा कीजिए कि एक दिन अपने स्कूल में झंडा फहराने का अवसर मिले।" उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के द्वारा चलाये जा रहे अभियान 'हर घर तिरंगा' अद्भुत है, राष्ट्र सर्वोपरि है। देश नहीं तो कुछ नहीं है। देश तो बहुत जरूरी है। जय हिंद और तिरंगा तो बेहद जरूरी है। (आईएएनएस)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।