1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 100 करोड़ की जमीन पर हाईटेक गौशाला या फिर कब्रिस्तान? भोपाल में बवाल, हिंदू और मुस्लिम आमने-सामने

100 करोड़ की जमीन पर हाईटेक गौशाला या फिर कब्रिस्तान? भोपाल में बवाल, हिंदू और मुस्लिम आमने-सामने

 Reported By: Anurag Amitabh Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Jun 26, 2025 01:09 pm IST,  Updated : Jun 26, 2025 01:44 pm IST

भोपाल में 100 करोड़ की जमीन हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच जंग की वजह बन गया। हाईटेक गौशाला के लिए इस जमीन का भूमि पूजन होते ही मुस्लिम पक्ष सामने आ गया है। यह जमीन अश्विनी श्रीवास्तव नाम के कांग्रेस नेता की है, जिस पर वह हाईटेक गौशाला बनाना चाहते हैं।

bhopal- India TV Hindi
भोपाल में मुस्लिम पक्ष ने प्रतीकात्मक अर्थी बनाकर प्रदर्शन किया। Image Source : INDIA TV

बीते दिनों हाईटेक गौशाला के लिए भोपाल के कोलार क्षेत्र के अकबरपुर में हुआ भूमि पूजन हिंदू और मुस्लिम पक्ष के बीच जंग की वजह बन गया। दरअसल, 100 करोड़ रुपये की मानी जा रही इस जमीन का भूमि पूजन होते ही मुस्लिम पक्ष सामने आया और कहा कि ये कब्रिस्तान है। ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी की ओर से दस्तावेज दिखाए जा रहे हैं कि यह जमीन कब्रिस्तान के नाम पर दर्ज है और इस पर वक्फ बोर्ड का दावा है। मुस्लिम पक्ष दावा कर रहा है कि यहां पर उनकी कुछ कब्रें दफन हैं, जिस पर भू माफिया कब्जा करना चाहते हैं। जमीन की कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, इस‌ जमीन पर अश्विनी श्रीवास्तव नाम के कांग्रेस नेता का दावा है। यह जमीन उनकी है जिस पर वह हाईटेक गौशाला बनाना चाहते हैं। लेकिन मुस्लिम पक्ष इस दावे को नकार रहा है। भूमि पूजन हो जाने के बाद ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी समित समेत मुसलमान वक्फ बोर्ड कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रतीकात्मक अर्थी बनाकर वक्फ बोर्ड से सवाल किया कि जब कब्रिस्तान चले जाएंगे तो मुर्दे कहां जाएंगे। इस दौरान युवकों को कफन में लपेटकर सड़क पर सुलाया गया। इस समय “गुम होते जा रहे कब्रिस्तान, कहां दफन करें जिंदा इंसान, कहां गया यह कब्रिस्तान जमीन खा गया या आसमान?” के बैनर के साथ प्रदर्शन किया गया।

देखें वीडियो-

'आंदोलन करेंगे और कोर्ट भी जाएंगे'

गौशाला भूमि पूजन वाली जगह पर पहुंचा कब्रिस्तान होने का दावा करने वाला मुस्लिम पक्ष, मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक‌ शमशुल हसन बल्ली ने इंडिया टीवी से बातचीत के दौरान कहा कि भू-माफिया स्थानीय विधायक रामेश्वर शर्मा को गुमराह करके जमीन पर कब्जा कर रहे हैं जिसे वह बर्दाश्त नहीं करेंगे। मुस्लिम पक्ष का कहना है कि यहां गौशाला बनने से गंदगी होगी और हम कब्रिस्तान पर गौशाला नहीं बनने देंगे। हम आंदोलन करेंगे और कोर्ट भी जाएंगे।

BJP विधायक ने क्या कहा?

इस मामले में बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा, यह जमीन सरकारी है। नवाबी कल में यहां पर 60 साल पहले हिंदू बच्चों को दफनाया जाता था। यह मुसलमानों द्वारा 100 करोड़ की जमीन तक जाने की कोशिश है। यह उनके अब्बा की जमीन नहीं है। यहां पर गौशाला ही बनेगी।

'ऐसे कैसे बनेगा कब्रिस्तान?'

वहीं, स्थानीय लोग कब्रिस्तान के दावे से बेहद नाराज हैं। लोग यहां गौशाला बनाने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यहां पर कभी कब्रिस्तान नहीं रहा, चारों तरफ हिंदू आबादी है और ऐसे में कब्रिस्तान के नाम पर जमीन पर कब्जा हो रहा है। यहां पर हमारे बच्चे खेलते हैं। इस जगह पर गौशाला ही बननी चाहिए हम कब्रिस्तान नहीं बनने देंगे।

कांग्रेस विधायक क्या बोले?

स्थानीय लोगों ने कहा, हम पिछले 15 से 20 सालों से हैं लेकिन यहां पर कभी कब्रों को दफन होते नहीं देखा। वहीं, भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद भी सामने आए। उन्होंने कहा कि यह वक्फ की जमीन है, भाजपा विधायक जबरन कब्जा कर रहे हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।