मध्य प्रदेश के उज्जैन में 3 पुलिस अधिकारियों को ले जा रही एक कार के उफनती क्षिप्रा नदी में गिर जाने के तकरीबन 68 घंटे बाद मंगलवार को महिला पुलिसकर्मी का शव भी बरामद कर लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों ने नदी में डूबी कार का पता लगाया और क्रेन के सहारे उसे बाहर निकाला, जिसमें कांस्टेबल आरती पाल (करीब 30 वर्ष) का शव मौजूद था।
घटना का वीडियो आया था सामने
इससे पहले, सोमवार को 57 वर्षीय सब इंस्पेक्टर मदन लाल निनामा का शव शाम करीब साढ़े पांच बजे बरामद किया गया था जबकि इसके एक दिन पहले रविवार को उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा (58) का शव नदी से बरामद किया गया था। इस घटना का वीडियो भी सोमवार को सामने आया था जिसमें देखा जा सकता है कि पुल से जाते समय अचानक पुलिस का वाहन अनियंत्रित होकर नदी में गिर जाता है।
ढूंढने में दिन-रात एक किए हुए थे 50 से ज्यादा जवान
SP प्रदीप शर्मा ने कहा कि तलाशी अभियान के दौरान गोताखोरों के दल ने कार का पता लगाया और जब उसे बाहर निकाला गया तो उसमें महिला पुलिसकर्मी का भी शव था। उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद पाल के शव को उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा। उन्होंने इसे बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि इस तलाशी अभियान में NDRF के 25, SDRF के कर्मियों और 10 स्थानीय गोताखोरों सहित 50 से अधिक बचावकर्मी लगे थे।
इस अभियान में मशीनीकृत नौकाएं और दो ड्रोन भी तैनात किए गए थे और निचले इलाकों में पानी का प्रवाह कम करने के लिए बांध को बंद कर दिया गया था। अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान रात 8 बजे बंद हो गया और मंगलवार सुबह 6 बजे फिर से शुरू किया गया।
शनिवार रात नदी में गिर गई थी कार
तीनों पुलिसकर्मियों को लेकर जा रही कार शनिवार रात करीब 9 बजे बिना रेलिंग वाले पुल से नदी में गिर गई थी। अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर उन्हेल पुलिस थाने के तीनों कर्मी एक लापता युवती के मामले की जांच के लिए जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। (भाषा इनपुट्स के साथ)
यह भी पढ़ें-
बुजुर्ग ने खुदकुशी के लिए तापी नदी में लगाई छलांग, तेज धार में बहने के बाद हुआ चमत्कार; देखें VIDEO
भोपाल में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर पत्थरबाजी के बाद बवाल, दूसरे समुदाय पर लगा आरोप