छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर शहर में 2023 विधानसभा चुनाव में असफल रहने वाले बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक नेता की सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने बताया कि महेंद्र गुप्ता को सागर रोड पर एक मैरिज गार्डन के पास सिर में गोली मारी गई। एसपी ने कहा, "गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी अपराध स्थल से भाग गया।"
Related Stories
2023 में लड़े थे विधानसभा चुनाव
ईशानगर कस्बे के निवासी गुप्ता ने 2023 का विधानसभा चुनाव बिजावर सीट से बसपा के टिकट पर लड़ा था और 10,400 वोट हासिल कर तीसरा स्थान हासिल किया था। मृतक के निजी सुरक्षा गार्ड अब्दुल मंसूरी ने कहा कि उन्हें मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति ने गोली मार दी। मंसूरी ने कहा कि जब तक वह जवाबी कार्रवाई करने के लिए अपनी राइफल लोड कर पाते, तब तक हमलावर भाग गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमलावर को देखा है और उसे पहचान सकते हैं।
सरपंच भी रह चुके थे महेंद्र
जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब नौ बजे की है। बीएसपी नेता महेंद्र गुप्ता सागर रोड स्थित गजराज पैलेस में किसी परिचित के यहां शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शादी स्थल के बाहर ही उन्हें अज्ञात हमलावरों ने गोली मारी। गोली कांड के बाद भगदड़ मच गई। महेंद्र पूर्व सरपंच भी रह चुके हैं।