1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. सीएम मोहन यादव ने भोपाल मेट्रो को दिखाई हरी झंडी, खुद भी किया सफर

सीएम मोहन यादव ने भोपाल मेट्रो को दिखाई हरी झंडी, खुद भी किया सफर

 Reported By: Anurag Amitabh, Edited By: Amar Deep
 Published : Dec 20, 2025 10:29 pm IST,  Updated : Dec 20, 2025 10:30 pm IST

सीएम मोहन यादव ने भोपाल मेट्रो को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने मेट्रो में सफर भी किया। सीएम मोहन यादव ने कहा कि भोपाल में यह शहरी ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में बड़ी सौगात है।

सीएम मोहन यादव ने भोपाल मेट्रो को दिखाई हरी झंडी।- India TV Hindi
सीएम मोहन यादव ने भोपाल मेट्रो को दिखाई हरी झंडी। Image Source : REPORTER INPUT

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शनिवार की शाम भोपाल मेट्रो का शुभारंभ किया। भोपाल के सुभाष नगर मेट्रो ट्रेन स्ट्रेशन से हरी झंडी दिखाकर मेट्रो को रवाना किया गया। 7 किलोमीटर ट्रैक पर चलने वाली भोपाल मेट्रो में मेट्रो ट्रेन परियोजना के प्रथम चरण में इस ट्रैक पर नियमित मेट्रो ट्रेन संचालन प्रारंभ किया गया है। भोपाल में लगभग 30 कि.मी. लंबाई में मेट्रो ट्रेन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस अवसर पर सीएम मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मेट्रो में यात्रा की। 

विकास की नई कहानी शुरू

भोपाल में मेट्रो को हरी झंडी दिखाने के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मेट्रो ट्रेन से विकास को पंख लग जाते हैं। विकास की नई कहानी शुरू हो जाती है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सभी यात्रियों सहित एम्स आने वाले रोगियों और नागरिकों के लिए यह महत्वपूर्ण सुविधा है। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री खट्टर का अभिनंदन किया। 

सीएम ने मेट्रो में किया सफर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एम्स मेट्रो स्टेशन पर उपस्थित नागरिकों और मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सफर के दौरान भी अनेक यात्रियों से बातचीत की और उनके अनुभव जाने। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में की गई इस मेट्रो ट्रेन यात्रा में अपना अनुभव बताते हुए कहा कि ऊंचाई पर बने ट्रैक से ट्रेन यात्रा करते हुए दोनों ओर शहर की हरियाली और सुंदरता देखने का अनुभव भी अपने आप में बेजोड़ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भोपाल में यह शहरी ट्रांसपोर्ट के क्षेत्र में बड़ी सौगात है।

सीएम मोहन यादव के साथ केंद्रीय मंत्री मनोहन लाल खट्टर भी रहे मौजूद।
Image Source : REPORTER INPUTसीएम मोहन यादव के साथ केंद्रीय मंत्री मनोहन लाल खट्टर भी रहे मौजूद।

इंदौर मेट्रो की समस्या हो रही हल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि इंदौर मेट्रो से जुड़ी समस्या को भी केंद्र सरकार हल कर रही है। आवश्यक धनराशि भी प्रदान कर रही है। मध्य प्रदेश में शहरी विकास योजनाओं  में भारत सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। आज ही 262 विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने तो मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ पर समस्त राज्य की जनता को बधाई दी।

भोपाल मेट्रो की विशेषताएं

  • सुविधाजनक यात्रा के लिये सभी स्टेशनों पर हाई-स्पीड लिफ्ट और एस्केलेटर
  • दिव्यांगजन के लिये सुगम प्रवेश, व्हील चेयर सुविधा, ब्रेल साइनेज
  • उच्च स्तर की सुरक्षा: एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी, प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर और ग्रेड-4 सिग्निलिंग सिस्टम
  • पर्यावरण अनुकूल : रीजेनेरेटिव ब्रेकिंग से ऊर्जा उत्पादन और सोलर पावर का उपयोग
  • आरामदायक कोच : पूर्णत: एसी, आरामदायक सीटिंग और मोबाइल चार्जिंग पॉइंट
  • स्मार्ट तकनीक : ऑडियो-विजुअल यात्री सूचना प्रणाली और हाई-टेक ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।