1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. PM मोदी से मिले CM मोहन यादव, किसान कल्याण वर्ष की गतिविधियों से कराया अवगत

PM मोदी से मिले CM मोहन यादव, किसान कल्याण वर्ष की गतिविधियों से कराया अवगत

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Mar 16, 2026 02:36 pm IST,  Updated : Mar 16, 2026 02:36 pm IST

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पीएम मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों की जानकारी भी दी।

पीएम मोदी से मिले सीएम मोहन यादव। - India TV Hindi
पीएम मोदी से मिले सीएम मोहन यादव। Image Source : REPORTER INPUT

भोपाल/नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज नई दिल्ली में सौजन्य भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी दी। साथ ही राज्य में किसानों के हित में किए जा रहे प्रयासों तथा प्रदेश की प्रगति से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि किसान कल्याण वर्ष के तहत कृषि विकास, किसानों की आय वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रदेश में कई पहलें की जा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए मार्गदर्शन प्रदान किया।

अच्छे से मना रहे किसान कल्याण वर्ष

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बताए मार्ग के अनुसार चारों श्रेणियों, किसान-महिला-गरीब-युवा के लिए काम कर रही है। हम किसान कल्याण वर्ष को बहुत अच्छे से मना रहे हैं। करीब 16 विभागों, पशुपालन, मछली पालन, बागवानी, कृषि जैसे सभी विभागों को जोड़कर अच्छा काम कर रहे हैं। मुझे खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी ने हमारे काम को आगे बढ़ने के लिए आशीर्वाद दिया है, और इसके नतीजे भी भविष्य में अच्छे होंगे।" मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के समग्र विकास के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए काम कर रही है और मध्य प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य के समन्वय से प्रदेश में निवेश, रोजगार और किसान कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल होंगी।

सांसदों से की चर्चा

गौरतलब है कि, नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने संसद भवन का भ्रमण भी किया और विभिन्न सांसदों से मुलाकात कर मध्य प्रदेश के विकास, केंद्र-राज्य समन्वय तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता के हित में विकास कार्यों को और गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा किसान कल्याण वर्ष के माध्यम से कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।