1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. BJP प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा पंचतत्व में विलीन, अमेरिका से बेटी के लौटने के बाद हुआ अंतिम संस्कार, CM मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि

BJP प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा पंचतत्व में विलीन, अमेरिका से बेटी के लौटने के बाद हुआ अंतिम संस्कार, CM मोहन यादव ने दी श्रद्धांजलि

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : May 02, 2025 06:23 pm IST,  Updated : May 02, 2025 06:23 pm IST

नरेंद्र सलूजा का 30 अप्रैल को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया था। लेकिन उनकी बेटी अमेरिका में पढ़ाई कर रही है और उसकी वापसी में समय लगने के कारण अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया।

mohan yadav- India TV Hindi
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज नरेंद्र सलूजा के इंदौर स्थित घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। Image Source : X

इंदौर: भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा का अंतिम संस्कार शुक्रवार सुबह 11 बजे इंदौर के रीजनल पार्क मुक्तिधाम में हुआ। सलूजा को उनके बेटे मीत ने मुखाग्नि दी। 52 वर्षीय सलूजा का बुधवार (30 अप्रैल) को कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया था। लेकिन उनकी बेटी अमेरिका में पढ़ाई कर रही है और उसकी वापसी में समय लगने के कारण अंतिम संस्कार शुक्रवार को किया गया।  

सलूजा सिद्धांतों की राजनीति करते थे- CM मोहन यादव

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आज दिवंगत प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा के इंदौर स्थित घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सीएम मोहन, सलूजा के रानीबाग स्थित घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि देने के बाद उनके शोकसंतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। यादव ने कहा,‘‘सलूजा सिद्धांतों की राजनीति करते थे। वह पूरी निष्ठा के साथ भाजपा के लिए काम करते थे। उनके निधन से हम स्तब्ध हैं।’’ सलूजा के निधन पर सूबे के मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ समेत भाजपा और कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं ने शोक जताया है।

शादी समारोह से लौटने के बाद बिगड़ी तबीयत

भाजपा पदाधिकारी ने बताया कि सलूजा भोपाल के पास सीहोर में मंगलवार को एक शादी समारोह में शामिल हुए थे और बुधवार को ही इंदौर स्थित घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद खाना खाकर आराम करने गए, लेकिन कुछ देर बाद घबराहट और उल्टी शुरू हो गई। परिवार उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सलूजा के शोक में डूबे उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए थे शामिल

सलूजा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी, लेकिन 2022 में वह पाला बदल कर भाजपा में शामिल हो गए थे। यह घटनाक्रम उस वक्त हुआ था, जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में पार्टी की "भारत जोड़ो यात्रा" मध्यप्रदेश से गुजर रही थी।

यह भी पढ़ें-

भोपाल में मुस्लिम समाज ने किया विरोध प्रदर्शन, कहा- हम पाकिस्तान को नेस्तनाबूत कर देंगे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।