1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मंदिर परिसर में अतिक्रमण को लेकर हुए पथराव में 5 घायल, बीजेपी विधायक गिरफ्तार

मंदिर परिसर में अतिक्रमण को लेकर हुए पथराव में 5 घायल, बीजेपी विधायक गिरफ्तार

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Nov 20, 2024 07:36 am IST,  Updated : Nov 20, 2024 07:40 am IST

मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के देवरा गांव में एक मंदिर परिसर पर अतिक्रमण को लेकर दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान पांच से अधिक लोग घायल हो गए।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले के देवरा गांव में मंगलवार को एक मंदिर परिसर पर अतिक्रमण को लेकर दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें पांच से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि झड़प के दौरान प्रदर्शनकारियों ने एक झोपड़ी में भी आग लगा दी। यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक समूह ने कथित रूप से मंदिर परिसर में अतिक्रमण कर बनाई गई दीवार को गिरा दिया।

दो पुलिसकर्मी समेत 5 घायल

पुलिस के मुताबिक, इस दौरान गांव में तनाव बढ़ गया और दोनों समूहों के बीच पथराव हुआ। इस हिंसा में दो पुलिसकर्मियों समेत पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। विवाद में बीजेपी विधायक प्रदीप पटेल का भी नाम सामने आया है। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया, क्योंकि वह घटना के बाद अपने समर्थकों के साथ देवरा गांव पहुंचे थे। इसके बाद स्थिति को काबू में लाने के लिए गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम 

मऊगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रसना ठाकुर ने बताया कि विधायक को रीवा स्थित पुलिस के सामुदायिक हॉल में नजरबंद कर दिया गया है और शांति बनाए रखने के लिए गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी प्रयासों के बावजूद, गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

आंगनवाड़ी में खाना खाने से 16 बच्चे बीमार

वहीं, एक अन्य खबर में मध् यप्रदेश के झाबुआ जिले में एक आंगनवाड़ी में खाना खाने से मंगलवार को 16 बच्चे बीमार हो गए। एक अधिकारी ने बताया कि गोपालपुरा गांव के ग्रामीण बाल देखभाल केंद्र में खीर-पूरी खाने के बाद बच्चों ने पेट में ऐंठन की शिकायत की और उल्टी शुरू कर दी। कल्याणपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधिकारी डॉ महेंद्र झारिया ने कहा, "गोपालपुरा के वसुनिया फलिया आंगनवाड़ी में खीर-पूरी खाने के बाद 16 बच्चे बीमार हो गए। खीर-पूरी खाने के दो घंटे बाद उन्होंने पेट दर्द की शिकायत की और उन्हें उल्टी होने लगी । शाम 5:00 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया।" उन्होंने कहा कि उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि कम से कम 5-6 बच्चे अधिक निर्जलित हैं। (भाषा) 

ये भी पढ़ें- 

झांसी मेडिकल कॉलेज अग्निकांड पर बीजेपी सांसद बोले- कुछ भी छुपाने नहीं दूंगा, संसद में उठाऊंगा मुद्दा

झारखंड में 38 सीटों पर वोटिंग आज, सीएम हेमंत सोरेन-बाबू लाल मरांडी समेत ये दिग्गज चुनाव मैदान में

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।