1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. खेत से निकल रहे हैं सोने-चांदी के सिक्के! दूर तक फैली ये बात, सैकड़ों की तादाद में जुटे लोग, जानें फिर क्या हुआ

खेत से निकल रहे हैं सोने-चांदी के सिक्के! दूर तक फैली ये बात, सैकड़ों की तादाद में जुटे लोग, जानें फिर क्या हुआ

 Published : Mar 06, 2025 10:47 pm IST,  Updated : Mar 06, 2025 11:15 pm IST

बुरहानपुर के एक गांव में सोने-चांदी के सिक्के मिलने की बात जैसे ही सामने आई लोग उस खेत की ओर उमड़ पड़े और लगे खुदाई करने। यहां रात भर लोग खुदाई कर रहे हैं।

burhanpur news- India TV Hindi
बुरहानपुर में सोने-चांदी के सिक्के मिलने की उम्मीद में खुदाई करते लोग Image Source : INDIA TV

बुरहानपुर: बुरहानपुर के असीरगढ गांव के एक खेत में एक बार फिर जमीन से मुगलकालीन सोने-चांदी के सिक्के निकलने की अफवाह फैल गई। अफवाह के चलते रात के समय आधा दर्जन से अधिक गांव के लोग इस खेत में खुदाई के लिए कैंप कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि लोगों को सिक्के मिल रहे हैं और प्रशासन इसमें लापरवाही बरत रहा है। इतिहास के जानकारों के मुताबिक बुरहानपुर इलाके में सिक्के निकलना कोई नई बात नहीं है। अगर सही में खेत से मुगलकालीन सिक्के निकल रहे हैं तो प्रशासन को निगरानी कर ऐसे सिक्कों को अपने कब्जे में लेना चाहिए। विपक्षी दल कांग्रेस ने भी पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि इससे पहले कोई अनहोनी ना हो। इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए। अब पुलिस प्रशासन मामले की जांच कर लोगों से रात के समय खेत में इस तरह जमा होने पर प्रतिबंध लगाने की बात कह रहा है।

धातु के सिक्के मिलने की अफवाह पर जमा हुए लोग

बुरहानपुर जिला मुख्यालय से 18 किलोमीटर दूर असीरगढ गांव में इन दिनों नेशनल हाईवे निर्माण के लिए खुदाई का काम चल रहा है। कुछ दिन पहले एक दरगाह के पास निर्माण कंपनी की जेसीबी ने मिट्टी खोद कर किसी हारून शेख के खेत में मिट्टी डंप कर दी थी। इसके बाद यहां काम करने वाले मजदूरों को ऐतिहासिक धातु के कुछ सिक्के मिले। फिर क्या था पूरा गांव और आसपास यह अफवाह फैल गई कि खेत से सिक्के निकल रहे हैं। अब इस खेत पर आसापस के आधा दर्जन से अधिक गांव के लोग रोजाना रात के समय आ रहे हैं और सिक्के मिलने की आस में खुदाई कर रहे हैं। ये लोग अपने साथ मेटल डिटेक्टर यंत्र भी ला रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का दावा है कि लोगों को खुदाई में सिक्के भी मिल रहे हैं लेकिन स्थानीय प्रशासन इसमें पूरी तरह से लापरवाही बरत रहा है।

मुगलकाल में काफी समृद्ध था बुरहानपुर 

इतिहासकारों की मानें तो बुरहानपुर मुगलकाल में काफी समृद्ध था। यहां सिक्के बनाने की टकसाल भी थी। लोग अपना खजाना जमीन में गाड़ देते थे। लिहाजा इससे इनकार नहीं किया जा सकता कि जमीन के नीचे से पुराने सिक्के मिल रहे हैं।  ऐसे में  तजिला प्रशासन को इसे गंभीरता से लेना चाहिए और जांच करनी चाहिए। जिन्होंने मुगलकालीन सिक्के हासिल किए हैं उसे जब्त कर सरकार खजाने में जमा करना चाहिए।

अफवाह पर लोगों का इकट्ठा होना चिंताजनक

विपक्षी दल कांग्रेस का भी कहना है सिक्के मिलने की अफवाह पर रात के समय इतनी बडी संख्या में लोगों का जमा होना चिंताजनक है। इससे पहले कि कोई अनहोनी हो, इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाई जानी चाहिए। अगर वाकई में किसी को मुगलकालीन सिक्के मिले हों तो इसकी जांच कर सिक्के अपने कब्जे में लेना चाहिए। मामले की जानकारी जब जिले के पुलिस कप्तान देवेंद्र पाटीदार को दी गई तो उन्होंने कहा कि अगर किसी खेत में लोग एक साथ इस तरह की गतिविधि कर रहे हैं तो इस पर प्रतिबंध लगाया जाएगा।

रिपोर्ट-शारिक अख्तर दुर्रानी, बुरहानपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।