1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. VIDEO: खजराना गणेश मंदिर की दानपेटियों से निकले 18112050 रुपये, सिर्फ 5 महीनों में मिला रिकॉर्ड दान

VIDEO: खजराना गणेश मंदिर की दानपेटियों से निकले 18112050 रुपये, सिर्फ 5 महीनों में मिला रिकॉर्ड दान

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 19, 2026 08:42 am IST,  Updated : Aug 19, 2026 09:00 am IST

40 दानपेटियां खोली गई हैं। कैश को गिनने के लिए बड़ी संख्या में लोगों को लगाया गया है। मंदिर की दानपेटियों से सोने-चांदी के आभूषण भी मिले हैं।

दानपेटियों को खोलकर गिना जा रहा कैश- India TV Hindi
दानपेटियों को खोलकर गिना जा रहा कैश Image Source : REPORTER INPUT

इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था के साथ दान की राशि भी लगातार बढ़ रही है। अगस्त में दानपेटियों की गिनती के दौरान मंदिर को अब तक का सबसे ज्यादा दान मिला है। 40 दानपेटियों से कुल 1 करोड़ 81 लाख 12 हजार 50 रुपए की राशि प्राप्त हुई है।

दान की राशि में 35.5 प्रतिशत का इजाफा

यह राशि मार्च में हुई पिछली दान गणना की तुलना में 47 लाख 44 हजार रुपए अधिक है। मार्च में मंदिर की दानपेटियों से 1 करोड़ 33 लाख 67 हजार 724 रुपए मिले थे। यानी सिर्फ पांच महीने में दान की राशि में करीब 35.5 प्रतिशत का इजाफा दर्ज किया गया है।

अब तक की सबसे बड़ी दान राशि 

बताया जा रहा है कि अगस्त में हुई यह गणना खजराना गणेश मंदिर के दानपेटियों से अब तक की सबसे बड़ी दान राशि है। पिछले दो सालों में मंदिर की दानपेटियां सात बार खोली गई हैं, जिनसे कुल मिलाकर 11 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि प्राप्त हो चुकी है।

75 लाख रुपए का दान ऑनलाइन मिला

वहीं, मंदिर को बीते 12 महीनों के दौरान ऑनलाइन माध्यम से भी श्रद्धालुओं ने करीब 75 लाख रुपए का दान दिया है। मंदिर प्रशासन अब दान की गिनती को और अधिक पारदर्शी बनाने की तैयारी में जुट गया है। 

दान गिनने के लिए बनाया जाएगा अलग से हॉल

इसके लिए गणना कार्य के लिए अलग से एक हॉल बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। मंदिर प्रशासन का मानना है कि अलग गणना हॉल बनने से दान की गिनती अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से की जा सकेगी।

दान गिनने की सीसीटीवी से की जा रही निगरानी

अभी मंदिर प्रशासन ने 40 दानपेटियों को गिनने के लिए बड़ी संख्या में लोगों को लगाया है। इन सभी लोगों की सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। दान के पैसों को पूरा हिसाब रखा जा रहा है। ऑनलाइन दान भी पिछले 5 महीनों में काफी आया है।

देश-विदेश से आते हैं यहां श्रद्धालु

बता दें कि खजराना गणेश मंदिर इंदौर के सबसे प्रसिद्ध और आस्था के प्रमुख केंद्रों में से एक है। यह मंदिर भगवान गणेश को समर्पित है और देश-विदेश से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं। मध्य प्रदेश पर्यटन भी इसे इंदौर के सबसे लोकप्रिय मंदिरों में शामिल करता है।

 

ये भी पढ़ें: 

इंदौर के गोराकुंड में फूटी पानी की पाइपलाइन, 40 करोड़ की स्मार्ट सिटी सड़क धंसी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।