1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिर धमकाया, रंगदारी भी मांगी, पुलिस ने राजपाल चंद्रावत को दोबारा रिमांड पर लिया

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर फिर धमकाया, रंगदारी भी मांगी, पुलिस ने राजपाल चंद्रावत को दोबारा रिमांड पर लिया

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Apr 24, 2026 08:30 am IST,  Updated : Apr 24, 2026 08:30 am IST

पुलिस अधिकारी ने बताया कि लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर धमकी और रंगदारी मांगने का दूसरा मामला सामने आया है। इसके तार भी राजपाल चंद्रावत से जुड़े हैं। इस वजह से उसे दोबारा रिमांड में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Lawrence Bishnoi- India TV Hindi
लॉरेंस बिश्नोई Image Source : PTI

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नेटवर्क अब पंजाब और हरियाणा से आगे बढ़कर मध्य प्रदेश तक पहुंच चुका है। हालांकि, पुलिस अधिकारी इस गैंग के लोगों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रहे हैं। क्राइम ब्रांच के डीसीपी ने बताया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी और रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी राजपाल चंद्रावत को फिर से रिमांड पर लिया गया है और पूछताछ की जा रही है।

डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी ने कहा, "हाल ही में इंदौर में एक एफआईआर दर्ज हुई थी। चेतन पवार और उसके जान-पहचान वाले के बीच हाल ही में मामला हुआ था। दोनों को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने व्हाट्सएप पर मैसेज किए और अलग-अलग वीपीएन नंबर से धमकी भी दी और उनसे फिरौती मांगी गई। ऐसी ही घटना पहले खरगोन जिले में हुई थी, जहां राजपाल चंद्रावत को गिरफ्तार किया गया था। वह लॉरेंस गैंग से मिली धमकी को अंजाम देने की कोशिश कर रहा था। पुलिस को उसके शामिल होने के पक्के सबूत मिले। क्योंकि दोनों मामले एक जैसे थे, इसलिए राजपाल को फिर से पुलिस रिमांड पर ले लिया गया। वह 3 दिन की पुलिस रिमांड पर था और हमने 4 दिन और बढ़ाने के लिए कहा है। जांच चल रही है।"

खरगोन के मामले में पकड़े गए थे 15 आरोपी

खरगोन जिले में उद्योगपति के घर पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोप में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार किया था। यह मामला 16 मार्च का है, जब कसरावद थाना क्षेत्र के भीलगांव में उद्योगपति दिलीप राठौर के घर पर मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने गोलीबारी की। इस घटना के अगले दिन उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 10 करोड़ रुपये की मांग एक विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप कॉल के जरिए की गई। कॉल करने वालों ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य बताया था और गोलीबारी का वीडियो भी भेजा था। इस मामले में राजपाल चंद्रावत सहित 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। 

आरोपियों के पास मिले 44 लाख रुपये

आरोपियों के पास से तीन कार, एक मोटरसाइकिल, चार पिस्तौल, 10 कारतूस, 10 मोबाइल फोन और 44 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि उज्जैन निवासी लोकेन्द्र पंवार और धार निवासी सचिन पाटीदार इस साजिश के मुख्य आरोपी हैं, जिनका उद्योगपति के साथ आर्थिक विवाद था। इस मामले के खुलासे के लिए छह विशेष टीमों का गठन किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिरों की सूचना के आधार पर की गई। 

गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के खिलाफ एफआईआर

इस मामले में गुजरात, हरियाणा और राजस्थान के कुछ लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। इस सिलसिले में गैंगस्टर हैरी बॉक्सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है। हैरी बॉक्सर के विदेश में होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में से कई के खिलाफ पहले से गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें-

सीएम मोहन यादव के प्रयासों का दिखा असर, 100 लाख मीट्रिक टन हुआ मध्य प्रदेश का गेहूं खरीदी कोटा

शादी का कार्ड देने के बहाने आए बदमाश, पैर छुए और बुजुर्ग महिला की सिर में मार दी गोली

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।