1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. राम मंदिर निर्माण को लेकर निकाली जा रही वाहन रैली पर पथराव, 27 लोग गिरफ्तार

राम मंदिर निर्माण को लेकर निकाली जा रही वाहन रैली पर पथराव, 27 लोग गिरफ्तार

 Reported By: Bhasha
 Published : Dec 30, 2020 02:30 pm IST,  Updated : Dec 30, 2020 02:30 pm IST

अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मंदिर के निर्माण को लेकर इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में निकाली गई वाहन रैली पर पथराव और उपद्रव के मामले में 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

राम मंदिर निर्माण को...- India TV Hindi
राम मंदिर निर्माण को लेकर निकाली जा रही वाहन रैली पर पथराव, 27 लोग गिरफ्तार Image Source : SOCIAL MEDIA

इंदौर (मध्यप्रदेश): अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मंदिर के निर्माण को लेकर इंदौर जिले के ग्रामीण क्षेत्र में निकाली गई वाहन रैली पर पथराव और उपद्रव के मामले में 27 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार के इस घटनाक्रम में कम से कम पांच लोग घायल हो गए थे। पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) महेशचंद्र जैन ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर चांदनखेड़ी गांव में वाहन रैली पर पथराव के मामले में 23 लोगों को बलवा करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि चार अन्य व्यक्ति भारतीय दंड विधान की धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया, "उपद्रव के दौरान दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलीबारी का आरोप भी लगाया है। इस दौरान एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी थी।" उन्होंने बताया कि पथराव और उपद्रव को लेकर दोनों पक्षों की शिकायत पर कुल चार आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें से दो मामलों में आरोपी अज्ञात हैं, जिनकी पहचान की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि करीब 1,400 की आबादी वाले चांदनखेड़ी गांव में वाहन रैली पर पथराव की सूचना मिलने पर वहां मंगलवार को ही भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। यह रैली अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मंदिर के निर्माण को लेकर जनजागरण के लिए निकाली जा रही थी। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने चांदनखेड़ी और इसके आस-पास के इलाकों में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू कर दिया है। आदेश के मुताबिक, इन इलाकों में पांच या इससे अधिक व्यक्तियों का समूह सक्षम दंडाधिकारी की अनुमति के बिना जमा नहीं हो सकेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।