मध्य प्रदेश के भिंड जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां जमीनी विवाद खूनी खेल में बदल गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोहद क्षेत्र के खितौली गांव में रविवार को रिश्तेदारों के बीच चल रहे जमीनी विवाद ने अचानक हैरान करने वाला मोड़ ले लिया। खेत जोतने को लेकर हुए विवाद के दौरान गोली चलने से गांव के पूर्व सरपंच सब्बीर खान की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उन्हें दो गोलियां लगीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
जमीन के लिए रिश्तेदार बने दुश्मन
इस मामले के बारे में मिली जानकारी के अनुसार गोहद थाना क्षेत्र के खितौली गांव में रहने वाले शब्बीर खान का अपनी बहन के देवर और भांजे से जमीनी विवाद चल रहा था। रविवार को शब्बीर ट्रैक्टर से खेत जोत रहे थे। इसी दौरान उनके रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि मृतक के रिश्ते में जीजा और भांजे ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पूर्व सरपंच शब्बीर को घेर लिया और उन पर गोली चला दी। शब्बीर को दो गोलियां लगने की बात कही जा रही है। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी।
जमीनी विवाद में पूर्व सरपंच की हुई मौत
मौके पर पुलिस के पहुंचते ही आरोपी फरार हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही गोहद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पूर्व सरपंच को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टर ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पूर्व सरपंच की मौत की खबर फैलते ही अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। हाल ही में देवास जिले से भी जमीन विवाद को लेकर एक शर्मसार करने वाली खबर आई थी।
जमीन के कब्जे को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना की वजह खेत की जुताई और जमीन के कब्जे को लेकर चला आ रहा पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आगे जांच के बाद ही हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा हो सकेगा।
(इनपुट - परानिधेश भारद्वाज)
ये भी पढ़ें - VIDEO: जमीन विवाद ने रिश्तों को किया शर्मसार, बुजुर्ग की लाठी-डंडों से पिटाई, अब परिवार को इंसाफ का इंतजार
कांग्रेस नेता ने जमीन विवाद में तानी पिस्टल, बोले- 'गोली मार दूंगा', VIDEO आया सामने