छतरपुर: मध्य प्रदेश के छतरपुर से एक ऐसा मामला सामने आया, जिसके बारे में जिसने सुना, वो इमोशनल हो गया। दरअसल यहां एक 17 साल से लापता युवक, अपने मां-पिता को वापस मिल गया। जिसके बाद मां-पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और उन्होंने पुलिस को धन्यवाद दिया।
Related Stories
क्या है पूरा मामला?
छतरपुर के हरपालपुर में एक मां-बाप को जीवन की सबसे बड़ी खुशी मिली। 17 वर्षों से लापता उनका इकलौता बेटा अचानक सामने खड़ा था। थाने से फोन पहुंचते ही परिवार में अविश्वास और आश्चर्य का माहौल बन गया लेकिन जैसे ही मां ने बेटे विनीत को देखा, वह दहाड़ें मारकर रो पड़ीं और उसे सीने से लगा लिया।
मां ने कहा, "17 साल की तपस्या के बाद भगवान ने मेरी मुराद पूरी की। बेटे के घर लौटने से पूरे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। मामला 4 सितंबर 2008 का है, जब हरदयाल स्कूल हरपालपुर से 14 वर्षीय छात्र विनीत तिवारी रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। पीड़ित परिवार ने थाना हरपालपुर में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने लड़के को ढूंढने के लिए जान लगा दी।
एमपी पुलिस ने मुस्कान अभियान के तहत पाई सफलता
एमपी पुलिस ने मुस्कान अभियान के तहत लड़के को वापस पाने में सफलता पाई। हरपालपुर थाना प्रभारी व उनकी टीम ने लगातार पड़ताल कर विनीत को डुगरी थाना क्षेत्र, जिला लुधियाना (पंजाब) से सुरक्षित बरामद किया। युवक को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां उसने अपने माता-पिता के साथ जाने की इच्छा व्यक्त की।
न्यायालय ने उसे उसके पिता रामकुमार तिवारी के सुपुर्द कर दिया। वर्षों से बेटे की तलाश में भटक रहे पिता ने कहा, "कई बार सोचा उसे ढूंढ लाऊं, पर लोग कहते थे कि वह जिंदा भी है या नहीं।" इस सराहनीय कार्य के लिए एसपी ने 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। (इनपुट: प्रेम गुप्ता)