1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. बागेश्वर धाम परिसर में गिरा टेंट, एक श्रद्धालु की मौत और कई अन्य घायल, कैसे हुआ हादसा?

बागेश्वर धाम परिसर में गिरा टेंट, एक श्रद्धालु की मौत और कई अन्य घायल, कैसे हुआ हादसा?

 Published : Jul 03, 2025 12:18 pm IST,  Updated : Jul 03, 2025 02:58 pm IST

मध्य प्रदेश के छतरपुर में बागेश्वर धाम परिसर में टेंट गिरने की घटना सामने आई है। इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई है और कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। आइए जानते हैं कि कैसे हुआ ये हादसा।

Chhatarpur  Bageshwar Dham Tent collapsed- India TV Hindi
बागेश्वर धाम परिसर में हादसा। (सांकेतिक फोटो) Image Source : X (@BAGESHWARDHAM)

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम से हादसे की बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक, बागेश्वर धाम परिसर में टेंट गिरने के कारण एक श्रद्धालु की मौत हो गई है। वहीं, 8 लोग इस हादसे में घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, बागेश्वर धाम में ये हादसा गुरुवार को सुबह-सुबह करीब 7 बजे आरती के बाद हुआ है। आपको बता दें कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हैं जो कि देश के सबसे चर्चित संतों या कथवाचकों में से एक हैं। आइए जानते हैं इस हादसे के बारे में सबकुछ।

कैसे हुआ हादसा?

छतरपुर के गढ़ा गांव में स्थित बागेश्वर धाम परिसर में जब टेंट गिरा तब लोहे का एंगल सिर में लगने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 7 बजे आरती के बाद बारिश हो रही थी। बारिश से बचने के लिए श्रद्धालु टेंट के नीचे इकट्ठा हुए थे।

पीड़ित ने क्या बताया?

एक श्रद्धालु राजेश कुमार कौशल ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के चौरी सिकन्दरपुर, जिला बस्ती के रहने वाले हैं। राजेश के ससुर श्यामलाल कौशल (उम्र 50 वर्ष) की मौत हुई है। उन्होंने बताया- "परिवार के 6 लोग बुधवार रात बागेश्वर धाम आए थे। शुक्रवार को धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री का जन्मदिन है। इससे पहले गुरुवार सुबह सभी लोग तैयार होकर धीरेंद्र शास्त्री के दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान टेंट गिरा। लोहे का एंगल उनके ससुर श्यामलाल कौशल के सिर में लगा। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।"

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम परिसर में हुए इस हादसे में राजेश और सौम्या, पारुल, उन्नति समेत 8 घायल हुए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। आपको बता दें कि बागेश्वर धाम, मध्य प्रदेश राज्य के छतरपुर जिले के गढ़ा गांव में स्थित है। बागेश्वर धाम स्वयंभू श्री हनुमान जी (बालाजी महाराज) की दिव्यता के लिए प्रसिद्ध है। (रिपोर्ट: प्रेम गुप्ता)

ये भी पढ़ें- कपड़ा उद्योग को मिलेगी नई गति, पीएम मित्र पार्क के लिए सीएम मोहन यादव ने नरेंद्र मोदी का आभार माना

"गरीब की लुगाई, पूरे शहर की भौजाई, यही हाल है हमारा", बाबा बागेश्वर ने ऐसा क्यों कहा?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।