1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बने देश के पहले सीएम, जिन्होंने काफिले में शामिल की EV; किया PM मोदी की अपील का पालन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बने देश के पहले सीएम, जिन्होंने काफिले में शामिल की EV; किया PM मोदी की अपील का पालन

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jun 03, 2026 08:07 pm IST,  Updated : Jun 03, 2026 08:11 pm IST

पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा के लिए संकल्पित मध्य प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन यादव, देश के पहले ऐसे सीएम बन गए हैं जिन्होंने अपने काफिले में ईवी को शामिल किया है। उन्होंने, प्रधानमंत्री मोदी की ईंधन बचाने की अपील का पालन किया।

mohan yadav ev- India TV Hindi
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने काफिले में EV शामिल की। Image Source : REPORTERS INPUT

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययता की अपील का लगातार पालन कर रहे हैं। इसके मद्देनजर उन्होंने 3 जून को बड़ा फैसला किया। वे देश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन गए हैं, जिन्होंने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक व्हीकल शामिल किया है। दरअसल, मुख्यमंत्री के काफिले में अब महिंद्रा कंपनी की XEV 9e इलेक्ट्रिक कार शामिल की गई है। कंपनी के दावे के मुताबिक, यह कार एक बार चार्ज करने पर 500 किलोमीटर का सफर तय करती है। सीएम डॉ. यादव इस ईवी से मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर भोपाल तक गए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दे रहे पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की नई कार को MP-02-VB-2047 नंबर मिला है। इस नंबर में VB का अर्थ 'विकसित भारत' से लगाया जा रहा है। जबकि, 2047 को प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के लक्ष्य के प्रतीक के तौर पर देखा जा रहा है। कार में 360 डिग्री कैमरा सहित सारी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। इस कार में सफर कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे। गौरतलब है कि इसके ड्राइवर को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है।

mohan yadav ev convoy
Image Source : REPORTERS INPUTकाफिले में शामिल करने के लिए महिंद्रा कंपनी की EV कार खरीदी गई है।

पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा पर सीएम डॉ. मोहन का फोकस

बता दें कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर्यावरण संरक्षण और सौर ऊर्जा को लेकर काफी संवेदनशील हैं। इन दोनों के लिए वे नई-नई योजनाओं पर काम कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने अलग-अलग जगह गिद्धों और मगरमच्छों को छोड़ा। उनका मानना है कि कोई भी विकास बिना पर्यावरण संरक्षण के अधूरा है। वे मानते हैं कि सौर ऊर्जा से उत्पन्न विकल्प देश-दुनिया को विकास का नया मार्ग दिखा सकते हैं। 

मुख्यमंत्री ने कई बार पेश की सादगी की मिसाल

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने दौरों में मितव्ययता का लगातार ध्यान रख रहे हैं। हाल ही में उन्होंने इंदौर में एचआर ग्रीन से राजवाड़ा तक स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ टेम्पो ट्रेवलर बस में सफर किया। उससे पहले सिंगरौली दौरे के दौरान वे टूरिस्ट बस में बैठकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे थे। बता दें, सीएम डॉ. यादव के काफिले में गाड़ियों की संख्या को भी घटाकर कम कर दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।