Wednesday, February 11, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश: राज्य में तलाकशुदा महिलाएं भी माता-पिता की परिवार पेंशन की पात्र होंगी, मोहन कैबिनेट का ऐतिहासिक फैसला

मध्य प्रदेश: राज्य में तलाकशुदा महिलाएं भी माता-पिता की परिवार पेंशन की पात्र होंगी, मोहन कैबिनेट का ऐतिहासिक फैसला

Reported By : Anurag Amitabh Edited By : Rituraj Tripathi Published : Feb 10, 2026 05:56 pm IST, Updated : Feb 10, 2026 05:56 pm IST

मध्य प्रदेश सरकार ने तलाकशुदा महिलाओं के हित में बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत तलाकशुदा महिलाओं को भी अपने माता-पिता की 'परिवार पेंशन' मिलेगी।

Madhya Pradesh- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मोहन कैबिनेट का ऐतिहासिक फैसला

भोपाल: मध्य प्रदेश में तलाकशुदा महिलाओं के हक में मोहन कैबिनेट ने एक अहम फैसला लिया है। अब प्रदेश की तलाकशुदा बेटियां भी अपने माता-पिता की 'परिवार पेंशन' की पात्र होंगी। कैबिनेट बैठक में राज्य के पेंशन नियमों में महत्वपूर्ण संशोधन के बाद ये फैसला लिया गया है।

क्या है पूरा मामला? 

मध्य प्रदेश सरकार ने महिला सुरक्षा और सामाजिक न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में मंगलवार को मंत्रालय में हुई कैबिनेट बैठक में राज्य के पेंशन नियमों में बड़ा संशोधन मंजूर किया गया। इसके तहत अब प्रदेश की तलाकशुदा बेटियां भी अपने माता-पिता की परिवार पेंशन की पात्र होंगी।

कैबिनेट बैठक के बाद उद्योग मंत्री चैतन्य कश्यप ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया है, जिससे उन महिलाओं को राहत मिलेगी जो विवाह विच्छेद के बाद दोबारा अपने मायके पर आश्रित हो जाती हैं।

अब तक पेंशन नियमों में तकनीकी प्रावधानों के कारण तलाकशुदा बेटियों को परिवार पेंशन का लाभ नहीं मिल पाता था, जिससे कई महिलाएं आर्थिक असुरक्षा का सामना कर रही थीं। कैबिनेट के इस फैसले के बाद प्रदेश की हजारों महिलाओं को सीधा आर्थिक सहारा मिलेगा।

सरकार का मानना है कि यह निर्णय केवल एक प्रशासनिक संशोधन नहीं, बल्कि सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में उठाया गया कदम है। इससे महिला सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी और समाज के एक संवेदनशील वर्ग को स्थायी संरक्षण प्राप्त होगा।

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने अपने एक्स हैंडल पर भी कैबिनेट के फैसले शेयर किए, जिसमें कहा गया है कि परिवार के पेंशन पात्र सदस्यों में अविवाहित, विधवा एवं तलाकशुदा पुत्री को शामिल किया गया है। इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन सारांशिकरण में सुविधा मिलेगी। पेंशन संबंधी प्रक्रियाएं सरल एवं समयबद्ध होंगीं। 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement