1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनावी अभियान को प्रियंका गांधी ने किया शुरू, मंडला में की जन आक्रोश रैली, शिवराज सरकार पर बोला हमला

मध्य प्रदेश में कांग्रेस के चुनावी अभियान को प्रियंका गांधी ने किया शुरू, मंडला में की जन आक्रोश रैली, शिवराज सरकार पर बोला हमला

 Published : Oct 12, 2023 02:16 pm IST,  Updated : Oct 12, 2023 02:16 pm IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरूवार को मंडला में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की शिवराज सरकार पर कई विषयों को लेकर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जनता बीजेपी सरकार से परेशान हो चुकी है और अब कांग्रेस को मौका देने वाली है।

Madhya Pradesh, Priyanka Gandhi- India TV Hindi
एमपी में कांग्रेस के चुनावी अभियान को प्रियंका ने किया शुरू Image Source : FILE

मंडला: मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए रण शुरू हो गया है। चुनाव आयोग ने चुनावी कार्यकर्म का भी ऐलान कर दिया है। प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा और इसके नतीजे 3 दिसंबर को जारी किए जाएंगे। पार्टियों ने अपने अभियान का भी आगाज कर दिया है। इस क्रम में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने मंडला जिले में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में आम आदमी को परेशान किया गया। उनके अधिकारों को छीना गया।

जनसभा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि शिवराज सरकार में बेरोजगारी अपने चरम स्तर पर पहुंच गई। जिसकी वजह से युवा मजबूरन पलायन कर रहे हैं। सरकारी भर्तियों में जमकर धांधलेबाजी हो रही है। किसानों से उनकी जमीनें छीनी जा रही है। अपनी जमीनों के लिए जो किसान आंदोलन करते हैं तो उनपर गोलियां चलाई जाती हैं। 

बीजेपी ने प्रदेश को जमकर लूटा- प्रियंका गांधी 

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पिछले 18 साल से राज्य की सत्ता में है। लेकिन उन्होंने काम करने की बजाय प्रदेश को जमकर लूटा। हर जगह घोटाले ही घोटाले हुए। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी की 225 महीनों की सरकार में 250 से ज्यादा घोटाले हुए। लेकिन सरकार ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। लेकिन जिन्होंने इस घोटालों के खिलाफ आवाज उठाई, उन्हीं की आवाज को शांत करा दिया गया। 

प्रियंका ने कहा, "जितने भी अधिकार कांग्रेस ने लोगों को दिए और उनकी मजबूती के लिए जो-जो काम किए भाजपा ने एक-एक कर सारे अधिकार छीन लिए। आज सरपंचों के अधिकारों में कटौती है, मनरेगा को लागू ही नहीं किया, पलायन और बढ़ गया है। गांव में रोजगार नहीं मिल रहा है। लोगों की जमीने छीनी जा रही हैं। फसल के सही दाम नहीं मिलते। विरोध करने पर गोलियां बरसाई जाती हैं। वन का अधिकार खत्म कर दिया। कमलनाथ जी ने पट्टे दिए थे वो काम भी भाजपा सरकार ने रोक दिया।"

17 नवंबर को चुनाव, 3 दिसंबर को नतीजे

बता दें कि चुनाव आयोग ने मध्यप्रदेश में होने वाले चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 17 नवंबर को होगा और इसके नतीजे 3 दिसंबर को जारी किए जाएंगे।  मध्य प्रदेश में विधानसभा की कुल 230 सीटें हैं। ऐसे में किसी भी पार्टी को बहुमत के लिए 115+ सीट चाहिए। राज्य में कुल 5 करोड़ 61 लाख 36 हजार 239 वोटर हैं। मध्य प्रदेश में बीते 5 साल में दो सरकारें बनी हैं एक कांग्रेस की और दूसरी बीजेपी की। जब 2018 के चुनावी नतीजे सामने आए तो 15 साल बाद कांग्रेस की सरकार बनी जो 15 महीने तक ही चल सकी। फिर इसके बाद राज्य में बीजेपी के सत्ता वापसी हुई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।