मंडला: मध्य प्रदेश के मंडला में बारिश के चलते नदी-नाले पूरे उफान पर हैं। इस बीच तेज पानी की धारा के बीच बाइक से पुल पार रहा युवक सैलाब में फंस गया। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। जिस वक्त युवक पुल पार कर रहा था उस वक्त अंधेरी काली रात थी। रात के अंधेरे में युवक सैलाब में घिर गया और उसकी बाइक बहने लगी। यह सारा मंजर एक वीडियो में कैद हुआ है।
Related Stories
अंधेरी रात में सैलाब में फंसा युवक
मंडला के नैनपुर विकासखंड के बंधा ग्राम के पास स्थित पुल पर हुई घटना का वीडियो सामने आया है। लगातार कई घंटे हुई बारिश के चलते ग्राम बंधा के पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। अंधेरी रात के वक्त एक बाइक सवार युवक इस पुल को पार कर रहा था। तभी पानी का बहाव तेज हो गया। युवक की बाइक अनियंत्रित हो गई। युवक ने बाइक को बचाने की भरपूर कोशिश की। लेकिन बाइक सैलाब में बहने लगी।
बाल-बाल बची युवक की जान
बाइक को अनियंत्रित होते देख युवक ने अपने आपको बाइक से अलग कर लिया और देखते ही देखते बाइक सैलाब में बह गई। अगर युवक ने तुरंत बाइक से अपने आप को अलग नहीं किया होता तो वह भी बाइक से साथ सैलाब के तेज बहाव में समा जाता। बताया जाता है कि पानी के बहाव को देखते हुए लोगों ने युवक को पुल पार करने से मना भी किया था। लेकिन वह नहीं माना और बाइक से पुल पार करने लगा। यह जान को जोखिम में डालने वाला फैसला था। गनीमत रही कि समय रहते उसने बाइक छोड़ दी, अन्यथा वह भी बाइक के साथ पानी के बहाव में समा जाता।
जल्दबाजी में जोखिम मोल ले रहे लोग
लगातार सोशल मीडिया में इस तरह की घटनाएं देखने को मिल रही है जहां लोग जल्दबाजी के चलते सैलाब में पुल या सड़क को पार करने की कोशिश करते हैं और फिर हादसे का शिकार हो जाते हैं। अक्सर इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं लेकिन लोग सचेत नहीं होते और ऐसा इस तरह की हरकत करते हुए नजर आते हैं। ऐसी लापरवाही के चलते लोग कभी-कभी बड़े हादसे का शिकार हो जाते हैं। कई बार अनहोनी हो जाती है। इस घटना में तो युवक की जान बच गई लेकिन कई बार लोगों की जान भी चली जाती है।
रिपोर्ट-अनिल जांगड़े, मंडला