मध्य प्रदेश के मुरैना जिला में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां एक पति ने गुस्से में आकर धारदार हंसिए से पत्नी पर जानलेवा हमला किया। इस हमले से पत्नी की नाक कट गई। प्रहार को रोकने के प्रयास में महिला के हाथ भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घायल महिला को अस्पताल में कराया गया भर्ती
ये घटना मुरैना जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के आजाद नगर की है। पति-पत्नी के बीच हुई इस जानलेवा लड़ाई की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई। पुलिस ने घायल अवस्था में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
नाजायज संबंधों को लेकर दोनों के बीच विवाद
पुलिस की जांच में पता चला कि नाजायज संबंधों को लेकर पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। पत्नी ने अपने पति पर दूसरी महिला से नाजायज संबंध के आरोप लगाए थे। घायल पत्नी ने कहा कि पिछले 12 साल से पति उसके साथ लगातार मारपीट कर रहा है।
सूरत में काम करता है पति
पुलिस ने बताया कि पति का नाम बिंदु राठौर है। वह गुजरात के सूरत में साड़ी का काम करता है। पत्नी सिमरन राठौर मुरैना के आजाद नगर में तीन बच्चों के साथ अकेली रहती है। बीती रात पति बिंदु राठौर ने मुरैना आकर पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी पति को लिया हिरासत में
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए हमलावर बिंदु राठौर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने कहा कि हमले के बाद पति बिंदु भी चीख-चीखकर अपनी पत्नी पर दूसरे पुरुष के साथ नाजायज संबंध का लगा रहा था। पुलिस मामले की जांच के साथ मामले की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
उपेंद्र गौतम की रिपोर्ट