1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. सुहागरात का तोहफा खरीदने निकले दूल्हे की मौत, शादी के 24 घंटे के भीतर विधवा हो गई दुल्हन

सुहागरात का तोहफा खरीदने निकले दूल्हे की मौत, शादी के 24 घंटे के भीतर विधवा हो गई दुल्हन

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Apr 23, 2025 07:37 pm IST,  Updated : Apr 23, 2025 07:37 pm IST

सुहागरात का तोहफा खरीदने निकले दूल्हे की रोड एक्सीडेंट में मौत हो गई है। शादी के 24 घंटे के भीतर दुल्हन विधवा हो गई।

Shahdol- India TV Hindi
दूल्हे की मौत Image Source : INDIA TV

शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सुहागरात के लिए तोहफा खरीदने के लिए घर से निकले दूल्हे की मौत हो गई है। शादी के 24 घंटे के भीतर ही नई नवेली दुल्हन विधवा भी हो गई। इस घटना से शादी के घर में मातम पसर गया है। दूल्हे की मौत रोड एक्सीडेंट में हुई है। वह बाइक पर सवार था, जहां उसकी टक्कर एक दूसरे बाइक सवार से आमने-सामने हो गई। इस घटना में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई। इस हादसे में एक शख्स घायल है, उसका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

क्या है पूरा मामला?

मामला शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के सरई सांधा के पास का है। झिरिया निवासी 22 वर्षीय दीपेंद्र साकेत की शादी 20 अप्रैल को सीधी जिले के मगरोहर गांव में हुई थी। शादी के अगले दिन, 21 अप्रैल को विदाई के बाद बारात वापस गांव लौटी। दूल्हे को दहेज स्वरूप एक नई मोटरसाइकिल उपहार में मिली थी।

शाम को दीपेंद्र अपनी पत्नी के लिए सुहागरात का खास तोहफा लेने मोटरसाइकिल से ब्यौहारी गया। लेकिन वापसी के समय, गांव से महज दो किलोमीटर पहले सराई सांधा के पास उसकी बाइक की आमने-सामने एक तेज रफ्तार दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दीपेंद्र साकेत और दूसरी बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दीपेंद्र के साथ पीछे बैठे एक अन्य युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जैसे ही दीपेंद्र की मौत की खबर गांव और ससुराल पहुंची, शादी की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। नई नवेली दुल्हन का सिंदूर अभी सूखा भी नहीं था कि वो विधवा हो गई। ग्राम झिरिया और मगरोहर में यह खबर आग की तरह फैल गई। जिस घर में कुछ घंटे पहले ढोल-नगाड़े बजे थे, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। दीपेंद्र के माता-पिता, नवविवाहिता पत्नी और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एएसपी का सामने आया बयान

शहडोल के एडिशनल एसपी अभिषेक दीवान का कहना है कि सड़क हादसे में दूल्हे की दर्दनाक मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। (रिपोर्ट-विशाल खंडेलवाल)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।