1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मध्य प्रदेश के मुरैना से आया हैरतअंगेज मामला, मधुमक्खियों ने एक शख्स की ली जान, 4 किए घायल

मध्य प्रदेश के मुरैना से आया हैरतअंगेज मामला, मधुमक्खियों ने एक शख्स की ली जान, 4 किए घायल

 Published : Mar 23, 2024 04:33 pm IST,  Updated : Mar 23, 2024 04:33 pm IST

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में मधुमक्खियों ने डंक मारकर एक शख्स की जान ले ली। ये घटना एक खेत में तब हुई जब कुछ मजदूर वहां काम कर रहे थे। इसी दौरान मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस हमले में 4 अन्य लोग भी घायल हो गए।

bee attack- India TV Hindi
मधुमक्खियों के हमले में शख्स की मौत Image Source : REPRESENTATIONAL IMAGE

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। खबर है कि यहां एक खेत में काम करते समय मधुमक्खियों ने एक शख्स की जान ले ली। बताया जा रहा है कि मधुमक्खियों के डंक मारने से एक 34 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार को जिला मुख्यालय से लगभग 40 किलोमीटर दूर अंबाह पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत करोली माता रोड पर हुई। 

तीन अन्य मजदूर अस्पताल में भर्ती

इस मामले में सरकारी चिकित्सा अधिकारी डी एन यादव ने बताया कि मधुमक्खियों के झुंड ने एक कृषि क्षेत्र में मजदूरों के एक समूह पर हमला कर दिया। सिविल सर्जन गजेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि इस घटना में पांच मजदूरों को चिकित्सा सुविधाओं में ले जाया गया और उनमें से एक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। यादव के अनुसार, घायल श्रमिकों में से एक का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि तीन अंबाह के सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं।

50 लोगों पर मधुमक्खियों ने किया हमला 

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले से भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जहां मधुमक्खियों के हमले में कम से कम 50 लोग घायल हो गए थे। ये घटना माधोपुर जिले के बौंली उपखण्ड क्षेत्र के हनुत्या गांव में तब हुई जब कुछ गांव वाले एक शव का दाहसंस्कार करने गए थे। लेकिन इसी दाहसंस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के इस हमले में करीब 50 लोग घायल हो गये। इनमें से करीब 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे जिन्हें बौंली अस्पताल मे भर्ती कराया गया था।

इस मौसम में खतरना हो जाती हैं मधुमख्यिां

दरअसल, गर्मी के मौसम में मधुमक्खियां नई जगह की तलाश में रहती हैं। इस दौरान थोड़ा भी खतरा महसूस होने पर वे बड़े झुंड में हमला करती हैं। एक-एक मधुमक्खिी हर एक डंक के साथ जहर की थैली छोड़ती हैं। विशेषज्ञों की मानें तो 200 के आसपास डंक लगने पर एक व्यक्ति की जान भी जा सकती है। लिहाजा इस मौसम में मधुमक्खियों से बचकर रहना चाहिए। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।