1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. पीएम मोदी 17 जुलाई को करेंगे बालाघाट रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण, महाकौशल को मिलेगी बड़ी सौगात

पीएम मोदी 17 जुलाई को करेंगे बालाघाट रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण, महाकौशल को मिलेगी बड़ी सौगात

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 13, 2026 02:52 pm IST,  Updated : Jul 13, 2026 02:52 pm IST

मध्यप्रदेश के बालाघाट में पीएम नरेंद्र मोदी रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण करेंगे। 17 जुलाई को वर्चुअल लोकार्पण किया जाएगा।

balaghat- India TV Hindi
बालाघाट रेलवे स्टेशन। Image Source : BALAGHAT123/INSTAGRAM

मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी सौगात आने वाली है। रेलवे की 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत पुनर्विकसित और आधुनिक बनाए गए बालाघाट रेलवे स्टेशन के लोकार्पण की तारीख तय हो गई है। आगामी 17 जुलाई को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से इस स्टेशन का भव्य शुभारंभ करेंगे। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से इस कायाकल्पित स्टेशन के उद्घाटन का इंतजार किया जा रहा था, जो अब खत्म होने जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के पास इस संबंध में आधिकारिक कार्यक्रम की रूपरेखा पहुंच चुकी है, जिसके बाद स्थानीय रेल प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है।

हरियाणा से एक साथ होगा एमपी के तीन स्टेशनों का उद्घाटन

इस ऐतिहासिक लोकार्पण कार्यक्रम का केंद्र बिंदु हरियाणा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी मुख्य समारोह के दौरान प्रधानमंत्री वर्चुअली मध्य प्रदेश के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों बालाघाट, नैनपुर और छिंदवाड़ा का एक साथ लोकार्पण कर इन्हें जनता को समर्पित करेंगे। पिछले सप्ताह ही रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक ने बालाघाट स्टेशन का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया था और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए थे। इस संयुक्त कार्यक्रम को लेकर तीनों ही स्टेशनों पर विशेष आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।

करोड़ों की लागत से हुआ कायाकल्प

अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत करोड़ों रुपए की लागत से बालाघाट रेलवे स्टेशन का पूरी तरह आधुनिकीकरण किया गया है। नए स्वरूप में मुख्य स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण, यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत लाइटिंग, नए प्लेटफॉर्म और बेहतर जनसुविधाओं का निर्माण शामिल है। जबलपुर-बालाघाट-गोंदिया रेल लाइन के पूरी तरह ब्रॉडगेज (बड़ी लाइन) में परिवर्तित होने के बाद से ही इस क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की मांग की जा रही थी। अब निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूरा होने के बाद यह स्टेशन न सिर्फ बेहद सुंदर और दर्शनीय नजर आ रहा है, बल्कि यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं देने के लिए भी पूरी तरह तैयार है।

रिपोर्ट- शौकत बिसाने 

ये भी पढ़ें: दतिया में 25000 वोटों से कांग्रेस की जीत का दावा, जीतू पटवारी बोले- नरोत्तम मिश्रा दोबारा लड़ते तो डबल से हारते

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।