1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मां ने ही ली थी दुधमुंहे बच्चे की जान, सजा दिलाने के लिए पिता ने ढाई साल तक इकट्ठा किए सबूत

मां ने ही ली थी दुधमुंहे बच्चे की जान, सजा दिलाने के लिए पिता ने ढाई साल तक इकट्ठा किए सबूत

 Published : Jul 08, 2025 08:33 pm IST,  Updated : Jul 08, 2025 08:35 pm IST

वारदात के बाद जुर्म से बचने के लिए कातिल मां ने मनगढंत कहानी रच कर ढाई साल तक परिजनों को गुमराह किया। परिजन प्रिया की झूठी कहानी को नहीं समझ पाए। लेकिन महिला के पति को अपनी पत्नी पर शक था।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : FILE PHOTO

मध्य प्रदेश के रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र से दिल को झकझोर देने वाली एक घिनौनी वरदात सामने आई है। यहां ढाई महीने के एक बच्चे की रहस्यमई मौत के मामले में ढाई साल बाद उसके कातिल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि मासूम बच्चे की कातिल कोई और नहीं बल्कि उसकी बेरहम मां है। आरोप है कि ढाई साल पहले रात में सो रहा बच्चा अचानक से जाग गया और रोने लगा। मां ने बच्चे को दूध पिलाया इसके बाद भी जब बच्चा शांत नहीं हुआ तो बेरहम मां ने अपने हाथों से उसका मुंह दबाकर दम घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद जुर्म से बचने के लिए कातिल मां ने मनगढंत कहानी रच कर ढाई साल तक परिजनों को गुमराह किया। 

ढाई साल बाद ऐसे खुला राज

दरअसल, मासूम बेटे के खूनी खेल का यह मामला मनगवां थाना क्षेत्र की है। 6 जनवरी 2023 की रात ढाई महीने का मासूम धैर्य गुप्ता अपनी मां प्रिया गुप्ता के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान रात तकरीबन 3 बजे बच्चा जाग गया और रोने लगा। मां ने बच्चे को दूध पिलाया लेकिन वह शांत नहीं हुआ। बच्चे को चुप करा रही मां गुस्से से तमतमा गई और उसने अपने हाथों से अपने बच्चे का मुंह तब तक दबाए रखा जब तक उसका दम नहीं घुट गया। कुछ देर बाद जब बच्चे की दम घुटने से मौत हो गई, इसके बाद जुर्म से बचने के लिए उसने परिजनों को एक अलग ही कहानी बयां की। 

मां ने ढाई महीने के बच्चे की हत्या की।
Image Source : INDIA TVमां ने ढाई महीने के बच्चे की हत्या की।

बेटे की मौत की वजह पूछता रहा पति

सुबह होते ही महिला ने रोते हुए परिजनों को बच्चे के मौत की झूठी कहानी बताई। महिला ने बताया कि रात में अचानक से उसकी तबियत बिगड़ी इसके बाद उसकी मौत हो गई। उस दौरान परिजन प्रिया की झूठी कहानी को नहीं समझ पाए। लेकिन महिला के पति को अपनी पत्नी पर शक था। पति लगातार अपनी पत्नी से बेटे की मौत की वजह पूछता रहा लेकिन वह अपने बयान अपर अड़ी रही। वारदात के ढाई साल बाद फोन पर हुई बातचीत के दौरान पत्नी ने पति से वारदात की बात कबूल कर ली। पत्नि ने बताया कि देर रात बच्चा रोने लगा। उसने बच्चे को दूध पिलाया मगर वह शांत नहीं हुआ जिसके बाद उसने अपने हाथों से बच्चे का मुंह दबा दिया और दम घुटने से बेटे की मौत हो गई। 

ढाई साल बाद फोन पर कबूली बेटे के कत्ल की बात

पति ने पत्नी के खिलाफ सबूत इकट्ठे किए और दो साल तक अपने ढाई माह के मासूम बच्चे को न्याय दिलाने के लिए थाने और एसपी कार्यालय के चक्कर काटता रहा। उसने पत्नी के साथ फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद पत्नी के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज किया और नए सिरे से वारदात की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने मां प्रिया गुप्ता के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित करने शुरू किए जिसके बाद आखिरकार मासूम बेटे की हत्या के ढाई साल बाद पुलिस ने मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया और गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया गया। दिल को झकझोर कर रख देने वाली इस घटना ने सब को दहला दिया की आखिरकार कैसे एक मां अपने कलेजे के टुकड़े की इतनी बेरहमी से हत्या कर सकती है। 

SDOP ने क्या कहा?

वारदात का खुलासा करते हुए SDOP प्रतिभा शर्मा ने बताया कि महिला के पति ने रिकॉर्डिंग क्लिप पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने ऑडियो क्लिप की फॉरेन्सिक जांच करवाई जिससे सब कुछ साफ हो गया। पुलिस ने अन्य साक्ष्य जुटाए और महिला को थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने वारदात को कबूल लिया। पुलिस ने महिला पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। 

(रिपोर्ट- अशोक मिश्रा)

यह भी पढ़ें-

सड़क किनारे पेड़ पर रस्सी बांध कर झूल गए स्कूल के प्रिसिंपल, सामने आई मौत की बड़ी वजह

Ex बॉयफ्रेंड ने भेजा अश्लील मैसेज, लड़की ने अगवा करा के नंगा करवा के पिटवाया और Video बनवाया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।