1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. 'आंसर का VIDEO देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें', केंद्रीय यूनिवर्सिटी में ChatGPT से सामूहिक नकल, रिजल्ट पर लगी रोक

'आंसर का VIDEO देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें', केंद्रीय यूनिवर्सिटी में ChatGPT से सामूहिक नकल, रिजल्ट पर लगी रोक

 Reported By: Anurag Amitabh Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jul 30, 2026 10:06 pm IST,  Updated : Jul 30, 2026 10:13 pm IST

अर्थशास्त्र विषय की कॉपी जांचने के दौरान सभी छात्रों के उत्तर पुस्तिका में एक ही जैसा जवाब लिखा हुआ था। इस जवाब के नीच ये भी लिखा हुआ था कि पूरे आंसर का वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें। इसी से नकल के खेल का खुलासा हुआ।

सामूहिक नकल का मामला सामने आने के बाद रिजल्ट रोका गया- India TV Hindi
सामूहिक नकल का मामला सामने आने के बाद रिजल्ट रोका गया Image Source : REPORTER INPUT

मध्य प्रदेश के सागर जिले से सामूहिक नकल का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। डॉक्टर हरीसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में एग्जाम कॉपी जांचने के दौरान छिंदवाड़ा के निजी कॉलेज सतपुड़ा इंस्टीट्यूट में चैटजीपीटी से सामूहिक नकल के मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज की सभी कक्षाओं के रिजल्ट पर रोक लगा दी है। मामले का खुलासा तब हुआ, जब एक छात्र की कॉपी मैं शिक्षक ने पढ़ा कि पूरे आंसर का वीडियो देखने के लिए लिंक पर क्लिक करें। 

अधिकांश कॉपियों में एक जैसा उत्तर

यह बात पढ़ते ही शिक्षक ने मामले की सूचना परीक्षा नियंत्रक को दी। परीक्षा नियंत्रक के आदेश पर जब अन्य विद्यार्थियों की कॉपी देखी गई तो अधिकांश कॉपियों में एक जैसा उत्तर लिखा हुआ था। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

फोर्थ और सिक्स्थ सेमेस्टर की हुई थी परीक्षाएं

जानकारी के अनुसार मई माह में डॉक्टर हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर और इससे संबद्ध 17 महाविद्यालयों में सेकंड, फोर्थ और सिक्स्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं हुई थीं। पिछले सेमेस्टर से लागू केंद्रीय मूल्यांकन प्रक्रिया के चलते सभी कॉलेजों की कॉपियां जांच के लिए सागर विश्वविद्यालय भेजी गईं। जहां अर्थशास्त्र विषय की कॉपी जांचने के दौरान एक शिक्षक को कॉपी में वीडियो लिंक देखने वाला वाक्य लिखा मिला। 

ChatGPT की मदद से लिखा गया उत्तर

जांच में सामने आया कि यह विद्यार्थी छिंदवाड़ा के सौंसर में स्थित सतपुड़ा कॉलेज ऑफ इन्फर्मेशन एंड बायोटेक्नोलॉजी का छात्र है। इसके बाद जब कॉलेज के अन्य विद्यार्थियों की कॉपी देखी गई तो सामने आया कि अधिकांश विद्यार्थियों ने ChatGPT पर दिए गए उत्तर को मोबाइल से कॉपी करके लिखा है। 

परीक्षा परिणाम पर लगाई गई रोक

यह मामला सिर्फ एक विषय का नहीं बल्कि तीन विषयों में इसी तरह की सामूहिक नकल होने की बात सामने आई। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कॉलेज के सभी परीक्षा परिणामों पर रोक लगा दी है।

कॉलेज प्रबंधन को जारी किया गया नोटिस

सामूहिक नकल का प्रकरण सामने आने के बाद सतपुड़ा कॉलेज के सभी परीक्षा परिणाम रोके गए, जबकि सागर विश्वविद्यालय और इससे संबद्ध सभी कॉलेजों के रिजल्ट जारी किए जा चुके हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पहले कॉलेज प्रबंधन को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके बाद दोबारा परीक्षा या केंद्र बदलने जैसी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: 

अब ओडिशा में मेडिकल PG परीक्षा का पेपर लीक होने का आरोप, व्हाट्सएप पर प्रश्नपत्र हो रहा वायरल, जांच शुरू

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।