1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. कांग्रेस नेता ने अपनी ही पार्टी की MLA से की छेड़छाड़, शराब के नशे में पकड़ा हाथ; FIR दर्ज

कांग्रेस नेता ने अपनी ही पार्टी की MLA से की छेड़छाड़, शराब के नशे में पकड़ा हाथ; FIR दर्ज

 Published : Sep 29, 2023 03:16 pm IST,  Updated : Sep 29, 2023 03:16 pm IST

जिस कांग्रेस नेता मनोज बागरी उर्फ बबलू पर विधायक से बदसलूकी और छेड़छाड़ का आरोप है वह काफी समय से रैगांव विधायक का विरोध करता आ रहा है। दरअसल दोनों एक ही विधानसभा के हैं और कांग्रेस की राजनीति करते हैं।

महिला विधायक ने सिविल...- India TV Hindi
महिला विधायक ने सिविल लाइन थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है Image Source : INDIA TV

मध्य प्रदेश के सतना जिले में कांग्रेस नेता ने अपनी ही पार्टी की महिला विधायक से छेड़छाड़ कर दी। नेताजी इस कदर अभद्रता पर उतर आए कि विधायक की गाड़ी रुकवाई और सीधे उनका हाथ पकड़ लिया। महिला विधायक के साथ रही उनकी निजी सहायक से भी बदसलूकी की गई। दरअसल, जनसम्पर्क में जा रही कांग्रेस की रैगांव विधायक कल्पना वर्मा की गाड़ी रुकवा कर कांग्रेस नेता ने कुछ लोगों के साथ मिलकर विधायक और उनकी निजी सहायक के साथ अभद्रता की। आरोप है कि कांग्रेस नेता के द्वारा विधायक और उनकी निजी सहायक का हाथ पकड़कर धक्का देकर गिराने का प्रयास किया गया। रैगांव विधायक के द्वारा घटनाक्रम से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराते हुए सिविल लाइन थाने में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। महिला विधायक शिकायत पर कांग्रेस नेता के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा भी दर्ज हुआ है।

शराब के नशे में था कांग्रेस नेता बबलू,पकड़ लिया हाथ

रैगांव विधायक कल्पना वर्मा ने बताया कि गुरुवार को वो विधानसभा क्षेत्र में जनसम्पर्क में निकली थी। जनसम्पर्क के दौरान हाटी के उप सरपंच की मां के निधन की सूचना प्राप्त हुई लिहाजा उप सरपंच के घर शोक संवेदना व्यक्त करने जा रही थी। रास्ते में कांग्रेस नेता मनोज बागरी उर्फ बबलू मिला जो शराब के नशे में था। बबलू ने शराब पिलाकर कई लोगों को एकत्र कर रखा था। विरोध करने के इरादे से बबलू ने जबरिया गाड़ी रुकवाई। बकौल विधायक वह जब गाड़ी से उतरी तो मनोज बागरी उर्फ बबलू ने उनका हाथ पकड़ना चाहा। विरोध करने पर निजी सहायक प्रतिमा का हाथ पकड़कर धक्का दे दिया जिससे प्रतिमा जमीन पर गिरते-गिरते बची।

पहुंची भीड़ तो भागे आरोपी
विधायक रैंगाव कल्पना वर्मा की गाड़ी खड़ी है यह देखकर आसपास के लोग भी विधायक मैडम से मिलने पहुंचने लगे तो देखा कि उसी विधानसभा का कांग्रेस नेता मनोज और उसके साथी शराब के नशे में महिला विधायक से अभद्रता कर रहे थे। यह देख आसपास के लोग एकत्र हुए तब मनोज और उसके साथी मौके से भाग निकले। इसके बाद विधायक ने अपने समर्थकों समेत सतना पहुंचकर एसपी से बात कर घटना की जानकारी दी। सिविल लाइन थाने में आरोपी कांग्रेस नेता मनोज बागरी बबलू के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 294 354 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

टिकट के दावेदार हैं आरोपी नेता जी
जिस कांग्रेस नेता मनोज बागरी उर्फ बबलू पर विधायक से बदसलूकी और छेड़छाड़ का आरोप है वह काफी समय से रैगांव विधायक का विरोध करता आ रहा है। दरअसल दोनों एक ही विधानसभा के हैं और कांग्रेस की राजनीति करते हैं। मनोज भी टिकट के प्रबल दावेदार है। विधायक और मनोज के बीच आपसी अदावत तो पुरानी है जो गुरुवार को सड़क पर सामने आ गई।

(रिपोर्ट- अमित त्रिपाठी)

यह भी पढ़ें-

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।