मध्यप्रदेश के सीहोर जिले से लुटेरी दुल्हन का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की आड़ में एक परिवार के साथ बड़ी धोखाधड़ी हो गई। दलाल के झांसे में आकर एक कुंवारे युवक की शादी तो हो गई, लेकिन शादी के महज तीन दिन बाद ही नई-नवेली दुल्हन घर के कीमती गहने समेटकर रफूचक्कर हो गई। ठगा हुआ पीड़ित परिवार अब न्याय के लिए भटक रहा है और अपनी आपबीती लेकर में पहुंचा है। पूरा मामला सीहोर के भैरूंदा तहसील का है, जहां एक युवती शादी के तीसरे दिन ही घर से जेवर समेटकर फरार हो गई।
दलाल के झांसे में आकर कराई शादी
पीड़ित दूल्हे और उसकी मां के अनुसार, घर में शादी योग्य बेटे के लिए वे लड़की की तलाश में थे। इसी बीच उनकी मुलाकात इमरान नाम के एक दलाल से हुई, जिसने उन्हें शादी कराने का झांसा दिया। दलाल के माध्यम से दोनों पक्षों की बातचीत हुई और शादी तय कर दी गई। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि वे किसी बड़ी साजिश का शिकार होने वाले हैं। शादी के केवल तीन दिन ही बीते थे कि मौका पाकर दुल्हन घर में रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर अचानक फरार हो गई।
दलाल इमरान और फरार दुल्हन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग
काफी तलाश करने के बाद भी जब दुल्हन का कहीं पता नहीं चला, तब परिजनों को एहसास हुआ कि वे लुटेरी दुल्हन और दलालों के गैंग का शिकार हो चुके हैं। दुल्हन के भाग जाने और ठगे जाने के बाद पीड़ित दूल्हा अपनी मां के साथ सीहोर पहुंचा। पीड़ित परिवार ने अधिकारियों के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर अपनी आपबीती सुनाई और दलाल इमरान और फरार दुल्हन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस और प्रशासन अब इस मामले की जांच में जुट गए हैं।
रात करीब डेढ़ बजे फरार हो गई लुटेरी दुल्हन
दूल्हे की मां ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे दलाल के जरिए अपने बेटे के लिए बहू लाए थे। दलाल ने उनसे 2 लाख ले लिए थे। शादी कराने वाले दलाल का नाम इमराम है, जो कि तजपुरा का रहने वाला है। पहली बार जो लड़की आई थी, वह शुरू में केवल 9 दिन रुकी और 9वें दिन ही चली गई। उसके बाद दलाल उन्हें लगातार टालता रहा और कहने लगा कि वह उनके बेटे को अपना बेटा समझता है और उसके लिए किसी अच्छे परिवार की दूसरी बहू लाकर देगा। दलाल ने इसके बाद ईद के बाद दूसरी लड़की लाकर दी, लेकिन वह लड़की भी रात के करीब 1:30 बजे दलाल के ही सिखाए-पढ़ाए अनुसार घर से भाग गई।
प्रशासन से पीड़ित परिवार की गुहार
अब न तो दलाल उनके पैसे वापस कर रहा है और न ही बहू घर वापस आ रही है। थाने में शिकायत करने पर भी दलाल हर दिन आज ला रहे हैं, कल ला रहे हैं, गाड़ी कर लो कहकर बहाने बना रहा है। प्रशासन से यही चाहते हैं कि या तो दलाल उनके 2 लाख वापस दिलवाए या फिर उनके बेटे संजीव के लिए बहू लाकर दे।
(रिपोर्ट- राहुल मालवीय)
ये भी पढ़ेंः दूसरी शादी के लिए पिता ने 12 साल की बेटी और बेटे को सड़क पर ला दिया! घर-गैराज से किया बेदखल