1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. Monsoon latest news: मानसून पहुंचा मध्य प्रदेश, राज्य के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

Monsoon latest news: मानसून पहुंचा मध्य प्रदेश, राज्य के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jun 10, 2021 06:25 pm IST,  Updated : Jun 10, 2021 07:32 pm IST

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून अपने सामान्य समय से सात दिन पहले बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश में पहुंच गया। जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों के लिए आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मानसून मध्य प्रदेश पहुंचा, राज्य के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी- India TV Hindi
मानसून मध्य प्रदेश पहुंचा, राज्य के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE

भोपाल। भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून अपने सामान्य समय से सात दिन पहले बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश में पहुंच गया। जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों के लिए आईएमडी ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग, भोपाल के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पी.के. साहा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में भोपाल, जबलपुर और ग्वालियर सहित राज्य के कई हिस्सों में बारिश हुई है। 

साहा ने कहा, 'मानसून की उत्तर सीमा मध्यप्रदेश के बैतूल और मंडला जिलों से होकर गुजरती है। इसके साथ ही राज्य के कुछ हिस्सों में मानसून पहुंच गया। आमतौर पर, मानसून का आगमन मध्यप्रदेश में 17 जून को होता है। हाल की स्मृति में यह पहली बार है कि यह सात दिन प्रदेश ही राज्य में प्रवेश किया है।' आईएमडी ने ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है जो कि शुक्रवार सुबह तक के लिए प्रभावी है। 

बारिश के साथ तेज हवा चलने का पूर्वानुमान

जबलपुर और शहडोल संभाग के जिलों में अलग-अलग स्थानों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने, बिजली गिरने के पूर्वानुमान के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि बैतूल और खंडवा सहित छह जिलों के लिए भी ऐसा ही पूर्वानुमान लगाया गया है। वहीं आईएमडी ने भोपाल, सागर, ग्वालियर और दो संभागों में अलग अलग स्थानों के लिए 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने, बिजली और गरज के साथ बौछारें पड़ने का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही इन्दौर सहित नौ जिलों में मौसम की स्थिति सामान्य रहने का अनुमान है। 

बिहार में भी येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी

IMD वैज्ञानिक आशीष कुमार ने गुरुवार को बताया कि 'अनुमान है कि अगले 48 घंटे में मानसून बिहार में प्रवेश कर जाएगा। जब भी मानसून की शुरूआत होती है उससे पहले पूरे प्रदेश में वज्रपात और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए हमने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर रखा है।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।