राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की संख्या को देखते हुए रेलवे ने 20 जून को इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसाल लिया है। इससे सभी अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा देने का मौका मिलेगा। एक अधिकारी ने गुरुवार, 18 जून 2026 को यह जानकारी शेयर की है। नीट की री एग्जाम 21 जून को होने वाली है। इसी बीच रेलवे ने यह खबर शेयर कर अभ्यर्थियों को चिंतामुक्त करने की कोशिश की। पश्चिम मध्य रेलवे (डब्ल्यूसीआर) के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने इन सभी स्पेशल ट्रेन के शेड्यूल के बारे में सारी डिटेल दे दी है, जो आपको ऑनलाइन भी मिल जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
डब्ल्यूसीआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हर्षित श्रीवास्तव ने यह खुशखबरी देते हुए कहा कि जबलपुर में ट्रेन संख्या 09354 इंदौर से रतलाम होते हुए भोपाल तक विशेष ट्रेन के रूप में चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 09353 भोपाल से रतलाम के बीच संचालित की जाएगी। हर्षित श्रीवास्तव ने आगे यह भी बताया कि ट्रेन संख्या 09354, 20 जून को सुबह 11.25 बजे इंदौर से रवाना होकर उसी दिन शाम सात बजे भोपाल पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन फतेहाबाद चंद्रावतीगंज जंक्शन, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर रुकेगी।
रेलवे अधिकारियों ने दी खास अपटेड
अधिकारी ने यह भी बताया कि ट्रेन संख्या 09353, 20 जून को शाम 7.40 बजे भोपाल से रवाना होकर अगले दिन रात 12.55 बजे रतलाम पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले नीट अभ्यर्थियों के साथ-साथ इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को भी राहत मिलेगी। इस बीच पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने नीट अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अपने अधिकार क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों पर व्यापक भीड़ प्रबंधन व्यवस्था करने का निर्णय लिया है।
नीट पुनर्परीक्षा से पहले भोपाल में सुरक्षा हुई कड़ी
भोपाल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल ने बताया कि मंडल क्षेत्र में भोपाल, अशोकनगर, गुना, नर्मदापुरम और विदिशा में परीक्षा केंद्र स्थित हैं और पुनर्परीक्षा के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के इन शहरों में पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भोपाल में सबसे अधिक 13,774 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसके अलावा गुना में 1,839, विदिशा में 1,709, नर्मदापुरम में 1,283 तथा अशोकनगर में 865 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। नवल अग्रवाल ने बताया कि मंडल ने परीक्षा केंद्रों से जुड़े स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखने और परीक्षा के दिन ट्रेनों का समय पर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने कहा कि मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर विशेष भीड़ प्रबंधन व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त वाणिज्य, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और परिचालन कर्मियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही स्टेशन परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा प्लेटफार्म पर यात्रियों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें-
MP में बड़ा हादसा, ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में 2 लोगों की मौत, एक अस्पताल में भर्ती
टैंक में बेटी की लाश देख मां ने लगाई फांसी, नानी के पैरों में लिपटकर रोता रहा 10 महीने का मासूम