1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. MP: तीन बेटियों को जहर पिलाकर मां ने खुद भी किया सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस

MP: तीन बेटियों को जहर पिलाकर मां ने खुद भी किया सुसाइड, जांच में जुटी पुलिस

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 01, 2026 09:11 am IST,  Updated : Jun 01, 2026 09:11 am IST

शहडोल में एक महिला ने अपनी तीन बेटियों के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

महिला ने तीन बेटियों के साथ किया सुसाइड।- India TV Hindi
महिला ने तीन बेटियों के साथ किया सुसाइड। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी तीन बेटियों को जहर पिला दिया। इसके बाद खुद भी जहर पीकर उसने आत्महत्या कर ली। चारों में तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक घटना के समय घर में कोई और मौजूद नहीं था। फिलहाल इस पूरी घटना के पीछे की वजह का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के समय महिला का पति हैदराबाद गया हुआ था। 

चारों की हुई मौत

पुलिस ने बताया कि यह घटना शाहडोल जिला मुख्यालय से लगभग 125 किलोमीटर दूर ब्योहारी क्षेत्र के पापौंध पुलिस थाना क्षेत्र के हिरवार गांव की है। यहां अनीता सिंह (32) ने शनिवार रात को अपनी तीन बेटियों को कीटनाशक पिलाने के बाद उसे खुद भी पी लिया। पापौंध थाना अधिकारी बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि उसकी बेटियां, रितिका (4) और कृष्णाकुमारी (2) की कुछ ही देर बाद मौत हो गई। उसकी सबसे बड़ी बेटी अर्पिता (7) ने रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बड़ी बेटी ने पड़ोसियों को दी थी सूचना

महिला की सबसे बड़ी बेटी ने किसी तरह घर से बाहर निकल कर अपने पड़ोसियों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद चारों को ब्योहारी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया, "डॉक्टरों ने महिला और उसकी दो छोटी बेटियों को अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया, जबकि अर्पिता की मौत रविवार को हुई।" एसएचओ बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि सबसे बड़ी बेटी ने पड़ोसियों को बताया था कि उसकी मां ने बच्चों को कीटनाशक दिया था। बच्ची ने पड़ोसियों को यह भी बताया कि जहरीला पदार्थ पिलाने के बाद उसकी मां ने घर में रखे दस्तावेजों, कपड़ों, तस्वीरों और अनाज में आग लगा दी थी। बच्ची यह नहीं बता पाई कि उसकी मां ने ऐसा क्यों किया।

एल्युमिनियम फॉस्फाइड का पैकेट बरामद

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से एल्युमिनियम फॉस्फाइड का एक पैकेट बरामद किया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, अनीता अपने बच्चों के साथ ससुराल से अलग रहती थी। उसका पति ड्राइवर है और घटना के समय घर पर नहीं था। वह हैदराबाद गया हुआ था। पुलिस ने बताया कि पुलिस महिला के रिश्तेदारों के बयान दर्ज कर रही है और मामला दर्ज कर लिया है।

यह भी पढ़ें-

लखनऊ: प्रॉपर्टी डीलर की हत्या मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, मर्डर के लिए हायर किए थे शूटर; किए कई खुलासे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।