1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई-गुजरात हाईवे पर 40 KM का महाजाम, 72 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने बढ़ाई टेंशन; हजारों गाड़ियां फंसी

मुंबई-गुजरात हाईवे पर 40 KM का महाजाम, 72 घंटों से जारी मूसलाधार बारिश ने बढ़ाई टेंशन; हजारों गाड़ियां फंसी

 Reported By: Saket Rai Written By: Amar Deep
 Published : Jul 24, 2026 11:29 am IST,  Updated : Jul 24, 2026 11:29 am IST

मुंबई से गुजरात जाने वाले नेशनल हाईवे 48 पर भारी बारिश की वजह से हालात खराब हैं। यहां हाईवे पर करीब 40 किलोमीटर लंबा जाम लगा है, जिससे हजारों गाड़ियां फंसी हुई हैं।

मुंबई से गुजरात जाने वाले नेशनल हाईवे पर लगा जाम।- India TV Hindi
मुंबई से गुजरात जाने वाले नेशनल हाईवे पर लगा जाम। Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र और गुजरात में बीते कई दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे हालात बदतर हो गए हैं। महाराष्ट्र-गुजरात चेक पोस्ट के पास पिछले 72 घंटे से बारिश की वजह से हालात बेहद खराब हैं। जीरो कनेक्टिविटी की वजह से दोनों राज्यों के बीच संपर्क करना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि कई जगहों पर राहत और बचाव दल के द्वारा रेस्क्यू अभियान भी चलाया जा रहा है। इस बीच आर्मी के जवान जो महाराष्ट्र से गुजरात की तरफ जा रहे थे, वह भी ट्रैफिक में फंस गए हैं। फिलहाल वापी चेक पोस्ट अभी भी बंद है। 

35-40 किलोमीटर लंबा जाम

वहीं मुंबई से गुजरात की तरफ जाने वाले NH-48 का हाल बेहाल है। यहां नेशनल हाईवे पर 35 से 40 किलोमीटर का लंबा जाम लगा हुआ है। ये गाड़ियां पिछले 2-3 दिनों से हाईवे पर जाम में फंसी हुई हैं। गाड़ियों को निकलने का रास्ता नहीं मिल पा रहा है, जिस वजह से जो जहां है वह वहीं पर रुका हुआ है। हालांकि कल रात से बारिश कम थी, लेकिन अब एक बार फिर से तेज बारिश शुरू हो गई है, जिससे आम लोगों की समस्या बढ़ती जा रही है।

ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित

दूसरी तरफ भारी बारिश की वजह से रेल सेवाएं भी बुरी तरह से प्रभावित हुई हैं। दक्षिण गुजरात में रेलवे ट्रैक पर जलभराव के कारण गुरुवार को मुंबई जाने वाली 7 यात्री ट्रेनों को मध्य प्रदेश के विभिन्न स्टेशनों पर रोक दिया गया। पश्चिमी रेलवे के रतलाम डिवीजन के पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि मुंबई सेंट्रल डिवीजन के घोलवाद-उमरगम रोड खंड में एक पुल पर जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के कारण दिल्ली-मुंबई खंड पर परिचालन प्रभावित हुआ। उन्होंने बताया कि ट्रेनों को रतलाम, नमली, नागदा, मेघनगर, लिमखेड़ा, थंदला रोड और बामनिया स्टेशनों पर रोका गया।

पालघर में 244 लोगों को किया रेस्क्यू

इसके अलावा महाराष्ट्र के पालघर में पिछले दो दिनों में भारी बारिश के कारण दो लोगों की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन और एनडीआरएफ की दो टीमों ने रात भर बचाव अभियान चलाया। इस दौरान बाढ़ग्रस्त इलाकों से 244 लोगों को बचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा कारणों से जिले के स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को शुक्रवार को भी बंद रहने का निर्देश दिया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि बहु-एजेंसी बचाव और राहत अभियान सुबह करीब 5 बजे समाप्त हुआ। भारी बारिश के बाद पालघर के कई इलाके जलमग्न हो गए, जिनमें दहानू और तलसारी सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र थे।

यह भी पढ़ें-

केन-बेतवा लिंक परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अमित भटनागर ने खत्म की भूख हड़ताल, मां के कहने पर लिया फैसला; 18 दिन चली हड़ताल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।