1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. देवेंद्र फडणवीस ने कहा- बदले की कार्यवाही है कंगना का दफ्तर तोड़ना, भिन्न विचार वालों का दमन कर रही उद्धव सरकार

देवेंद्र फडणवीस ने कहा- बदले की कार्यवाही है कंगना का दफ्तर तोड़ना, भिन्न विचार वालों का दमन कर रही उद्धव सरकार

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Sep 09, 2020 04:19 pm IST,  Updated : Sep 09, 2020 04:19 pm IST

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस ने बीएमसी द्वारा कंगना रनौत के दफ्तर पर की गई तोड़फोड़ को बदले की कार्यवाही कहा है। फडणवीस ने कहा कि उद्धव सरकार अपने विचारों से साबका न रखने वाले लोगों का दमन कर रही है

BMC Kangana, Uddhav Government BMC, Devendra Fadnavis Kangana, Devendra Fadnavis- India TV Hindi
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बीएमसी द्वारा कंगना रनौत के दफ्तर पर की गई तोड़फोड़ को बदले की कार्यवाही कहा है। Image Source : P)TI FILE

मुंबई: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस ने बीएमसी द्वारा कंगना रनौत के दफ्तर पर की गई तोड़फोड़ को बदले की कार्यवाही कहा है। फडणवीस ने कहा कि उद्धव सरकार अपने विचारों से साबका न रखने वाले लोगों का दमन कर रही है। उन्होंने उद्धव सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी हरकतों से महाराष्ट्र की बदनामी हो रही है। फडणवीस ने यह भी कहा कि लोकशाही का इस तरह विरोध करने वाली सरकार को महाराष्ट्र में पहले कभी नहीं देखा गया, और वह इस तरह की सरकारी कार्यवाही का समर्थन नहीं कर सकते।

‘बाकी अवैध निर्माण पर ऐक्शन क्यों नहीं’

फडणवीस ने कहा, ‘छत्रपति शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र में इतनी घबराहट और लोकशाही का विरोध करने वाली सरकार को कभी नहीं देखा गया। अपने विचारों से मेल न खाने वाले व्यक्तियों का दमन किया जा रहा है। अगर किसी बात से लगता है कि मुंबई पुलिस या सरकार की बदनामी हो रही है तो उसका समर्थन नहीं है लेकिन ऐसी सरकारी कार्यवाही का समर्थन हम नहीं करते। ऐसी हरकतों से महाराष्ट्र बदनाम हो रहा है। कल तक वह चीज वहां थी और उसपर कोई ऐक्शन नहीं था, लेकन आज किसी के बोलने पर हो रहा है। बाकी अवैध निर्माण पर ऐक्शन क्यों नहीं? यह बदले की भावना से की गई कार्रवाई है।’

हिमाचल प्रदेश से मुंबई पहुंचीं कंगना
वहीं, बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश से बुधवार को मुंबई पहुंचीं। मुंबई पुलिस को लेकर उनके बयान के कारण शिवसेना कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका विरोध किया। कंगना चंडीगढ़ से विमान के जरिए अपराह्न करीब ढाई बजे मुंबई पहुंचीं। काले झंडे लिए शिवसेना कार्यकर्ताओं को एयरपोर्ट के बाहर देखा गया। कार्यकर्ताओं ने रनौत के खिलाफ नारेबाजी की। RPI (A) और करणी सेना के कार्यकर्ता भी रनौत के समर्थन में एकत्र हुए। बता दें कि RPI (A) के नेता एवं केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने घोषणा की थी कि रनौत के मुंबई आने पर उनके पार्टी कार्यकर्ता उनकी सुरक्षा करेंगे।

मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र पर दिए बयान से विवाद
मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र के बारे में रनौत के एक हालिया बयान से विवाद खड़ा हो गया है। रनौत ने दावा किया था कि वह मुंबई में असुक्षित महसूस करती हैं। इसके बाद शिवसेना के नेता संजय राउत ने रनौत से मुंबई वापस नहीं आने को कहा था। राउत के इस बयान के बाद रनौत ने मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से की थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।