महाराष्ट्र के बीड के माजलगांव शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार दोपहर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पदाधिकारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरा शहर दहल उठा। खून से लथपथ युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। धारदार हथियार से किए गए हमले के चलते किट्टीआडगांव के बीजेपी लोकसभा विस्तारक बाबासाहेब प्रभाकर आगे (उम्र 35) की मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में आरोपी ने थाने में पहुंचकर सरेंडर कर दिया।
कोयते से किया ताबड़तोड़ हमला
माजलगांव शहर के श्री स्वामी समर्थ केंद्र परिसर में दोपहर के समय बायपास रोड पर बाबासाहेब प्रभाकर आगे का नारायण शंकर फपाळ नामक व्यक्ति हाथ में कोयता लेकर पीछा कर रहा था। प्रभाकर ने जान बचाने के लिए माजलगांव बस स्टैंड के पास स्थित शाहूनगर की ओर भागा, लेकिन स्वामी समर्थ केंद्र के पास वाली सड़क पर नारायण फपाळ ने उसे पकड़ लिया और थोड़ी ही देर में कोयते से ताबड़तोड़ वार किए।
पेट और सिर पर किया वार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फपाळ ने पहले पेट पर वार किया और फिर दो वार सिर पर किए। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पंचनामा कर पुलिस ने बाबासाहेब आगे को गंभीर अवस्था में ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

आरोपी ने किया सरेंडर
इस बीच, हमला करने के बाद आरोपी नारायण शंकर फपाळ खुद थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। उसने प्रभाकर की हत्या क्यों की, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, दिनदहाड़े सड़क पर हुई इस दिल दहला देने वाली हत्या की घटना ने माजलगांव शहर को झकझोर कर रख दिया है।
(रिपोर्ट- आमिर हुसैन)
ये भी पढ़ें-
VIDEO: डीजे को लेकर बारातियों पर पुलिस ने की कार्रवाई, थाने के बाहर इंतजार करते रहे दूल्हा-दुल्हन
नीतीश कुमार के CM फेस पर बेटे निशांत का मास्टरस्ट्रोक, दे दिया ये बयान