मुंबई के भिवंडी इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां अपनी बाइक से जा रहे डॉक्टर की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो पास ही लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। दरअसल, बाइक से जा रहे डॉ. अंसारी अचानक से अनियंत्रित हो गए और फिसल कर गिर गए। इसी दौरान बगल से गुजर रहे ट्रक के पिछले पहिए के नीचे आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं मृतक के परिजनों ने घटना के बाद कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया है। फिलहाल ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
ट्रक की चपेट में आया डॉक्टर
मुंबई से सटे भिवंडी शहर में हल्की सी लापरवाही की वजह से एक डॉक्टर की जान चली गई। घटना भिवंडी के सिराज अस्पताल के पास की है। यहां शुक्रवार रात को 58 साल के डॉक्टर अंसारी, परिवार के साथ डिनर करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। सिराज अस्पताल के पास उनकी बाइक का पहिया अचानक फिसल गया और उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद डॉक्टर अंसारी अपनी बाइक से गिर गए। उसी वक्त बगल से एक ट्रक गुजर रहा था। इस ट्रक के पिछले पहिए के चपेट में आने से डॉक्टर अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों ने किया हंगामा
इस घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोग इकठ्ठा हो गए और जमकर हंगामा किया। हालांकि पुलिस ने किसी तरह हालात पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक डॉ. अंसारी के परिवार ने इस घटना के लिए भिवंडी महानगरपालिका के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। स्थानीय विधायक रईस शेख ने इस मामले में परिवार की तरफ से भिवंडी मनपा के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि इस मामले की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई करेंगे।