1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. CM हाउस में बलि चढ़ाए गए भैंसों के सींग दफन हैं? संजय राउत के दावे पर फडणवीस का आया जवाब

CM हाउस में बलि चढ़ाए गए भैंसों के सींग दफन हैं? संजय राउत के दावे पर फडणवीस का आया जवाब

 Published : Feb 05, 2025 08:51 am IST,  Updated : Feb 05, 2025 08:53 am IST

संजय राउत ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा था कि एकनाथ शिंदे की कामाख्या मंदिर यात्रा के दौरान गुवाहाटी में जिन भैंसों की बलि दी गई उनके सींग को मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 'वर्षा' के परिसर में दफनाया गया था। वहीं अब इस पर देवेंद्र फडणवीस का स्पष्टीकरण सामने आया है।

devendra fadnavis- India TV Hindi
देवेंद्र फडणवीस ने बताया मुख्यमंत्री आवास में क्यों नहीं हो रहे शिफ्ट। Image Source : FILE PHOTO

मुंबई: महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में कई दिनों से मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ‘वर्षा’ बंगले की चर्चा हो रही है। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद से अब तक देवेंद्र फडणवीस मुख्यमंत्री आवास पर रहने नहीं गए हैं। शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने मुंबई के मालाबार हिल इलाके में स्थित वर्षा बंगले को लेकर सनसनीखेज दावा किया है। राउत ने दावा किया कि किसी ने वर्षा बंगले में जादू-टोना किया है और इसलिए सीएम फडणवीस दोबारा इस बंगले में जाना नहीं चाहते हैं।

फडणवीस ने बताया, सीएम आवास में क्यों नहीं हुए शिफ्ट

वहीं, इस पर देवेन्द्र फडणवीस का बयान सामने आया है। फडणवीस ने अंधविश्वास के कारण दक्षिण मुंबई स्थित आधिकारिक मुख्यमंत्री आवास में नहीं जाने के दावों को मंगलवार को खारिज कर दिया और कहा कि वह अपनी बेटी की बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद वहां चले जाएंगे। राउत के दावे पर फडणवीस ने कहा, ''ऐसे बेबुनियाद दावों पर मेरे स्तर का व्यक्ति प्रतिक्रिया देना भी जरूरी नहीं समझता।''

फडणवीस का स्पष्टीकरण शिवसेना सांसद संजय राउत के उस बयान के कुछ घंटों बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि एकनाथ शिंदे की कामाख्या मंदिर यात्रा के दौरान गुवाहाटी में जिन भैंसों की बलि दी गई उनके सींग को मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास 'वर्षा' के परिसर में दफनाया गया था, ताकि मुख्यमंत्री का पद शिंदे के अलावा किसी और को न मिले।

सागर बंगले में रह रहे फडणवीस

जून 2022 में उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत कर भाजपा से हाथ मिलाने के बाद शिंदे राज्य के मुख्यमंत्री बने थे। वह नवंबर 2024 तक मुख्यमंत्री रहे, लेकिन विधानसभा चुनाव के बाद फडणवीस ने तीसरी बार मुख्यमंत्री पद संभाला। दिसंबर के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री का कार्यभार संभालने के बावजूद फडणवीस फिलहाल 'सागर' बंगले में रह रहे हैं।

राउत के दावों को खारिज करते हुए फडणवीस ने कहा, "एकनाथ शिंदे के खाली करने के बाद मैं 'वर्षा' बंगले में चला जाऊंगा। कुछ छोटी-मोटी मरम्मत भी की जा रही है। इस बीच मेरी बेटी (जो कक्षा 10वीं में है) ने अनुरोध किया कि हम उसकी परीक्षाओं के बाद ही शिफ्ट हों। यही कारण है कि मैं अभी तक वहां नहीं गया हूं।"

शिंदे खेमे में सभी नींबू सम्राट हैं- राउत

संजय राउत ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा था कि देवेंद्र फडणवीस वर्षा बंगले पर रहने के लिए क्यों नहीं जा रहे हैं? शपथ लेने के इतने दिन बाद भी वह अब तक क्यों नहीं गए? इसे लेकर महाराष्ट्र भी चिंतित है। शिंदे खेमे में सभी नींबू सम्राट हैं। सुनने में आया है कि बीजेपी खेमे में चर्चा है कि वर्षा बंगले के बाहर लॉन मीन गढ्ढा खोदकर उसमें कामाख्या देवी में काटा गया भैंसे का सींग दफनाया है। यह बात उनके अपने लोग ही कह रहे हैं। राउत ने आगे कहा, यह सही बात है या गलत? हम अंधविश्वास में विश्वास नहीं करते, बल्कि अंधविश्वास उन्मूलन अधिनियम को मानने वाले लोग हैं। कामाख्या मंदिर में भैंसे की बलि दी गई, वहां से तंत्र-मंत्र वाली सींग लाकर यहां दफनाई गई है जिससे मुख्यमंत्री का पद किसी दूसरे व्यक्ति के पास नहीं टिक सके। यह बात खुद वहां का स्टाफ भी कह रहा है।

(भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

नाना पटोले ने देवेंद्र फडणवीस और महायुति पर साधा निशाना, बोले- यह न केवल भ्रष्ट, बल्कि इसमें अपराधी शामिल

"महाराष्ट्र आपको कभी माफ नहीं करेगा, आत्मचिंतन करें", राहुल गांधी को देवेंद्र फडणवीस की सलाह

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।