मुंबई एयरपोर्ट पर राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 42 करोड़ रुपये का गांजा बरामद किया है। डीआरआई की मुंबई जोनल यूनिट ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़े अभियान में दो यात्रियों की तलाशी ली और ड्रग्स की बड़ी खेप बरामद की। रविवार को मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बैंकॉक से आने वाले दो यात्रियों से 42.34 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त किया। अवैध बाजार में इसकी कीमत लगभग 42 करोड़ रुपये है।
डीआरआई मुंबई ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि एक विशिष्ट सूचना के आधार पर डीआरआई अधिकारियों ने यात्रियों के आगमन पर उन्हें रोक लिया और उनके सामान की जांच की। जांच के दौरान नूडल्स, बिस्कुट आदि के 21 खाने के पैकेट बरामद हुए, जिनमें हाइड्रोपोनिक वीड भरा हुआ था। एनडीपीएस फील्ड किट से जांच में यह पदार्थ नशीले पदार्थों के लिए सकारात्मक पाया गया।
शुक्रवार को जब्त हुई थी 47 करोड़ की कोकीन
42.34 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया और दोनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार, 31 नवंबर को 47 करोड़ रुपये मूल्य की 4.7 किलोग्राम कोकीन की बड़ी खेप जब्त करने के बाद, डीआरआई मुंबई द्वारा ड्रग्स की यह दूसरी बड़ी ज़ब्ती है । इस ज़ब्ती में वाहक, वित्तपोषक, संचालक और वितरक समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इस प्रकार, पिछले 3 दिनों में डीआरआई मुंबई द्वारा मुंबई में 90 करोड़ रुपये से ज्यादा की ड्रग्स जब्त की गई हैं। मादक पदार्थों की तस्करी के पीछे के व्यापक नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
कोकीन सिंडिकेट में पांच गिरफ्तार
डीआरआई, मुंबई जोनल यूनिट ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज एयरपोर्ट पर कोलंबो से आई एक महिला यात्री से 4.7 किलोग्राम कोकीन जब्त की थी, जिसकी अवैध बाजार में कीमत लगभग 47 करोड़ रुपये है। विशिष्ट सूचना के आधार पर, डीआरआई अधिकारियों ने आगमन पर यात्री को रोका और उसके सामान की गहन जांच की, जिसके परिणामस्वरूप नौ कॉफी पैकेटों के अंदर छिपाए गए एक सफेद पाउडर जैसे पदार्थ के नौ पाउच बरामद हुए। बरामद पदार्थों की एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच करने पर कोकीन की पुष्टि हुई। अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर ड्रग्स खरीदने के लिए मौजूद लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया। सिंडिकेट के तीन अन्य लोगों को पकड़ा गया। सभी पांचों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी पांचों आरोपियों को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। (इनपुट- एएनआई)
यह भी पढ़ें-
VIDEO: पुणे में मेट्रो स्टेशन के पास कार का भीषण एक्सीडेंट, उड़े परखच्चे, 2 लोगों की मौत