1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'मनमानी या सीना जोरी की तो हम मारेंगे...', अमित ठाकरे ने ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों को दी धमकी, भाजपा ने किया पलटवार

'मनमानी या सीना जोरी की तो हम मारेंगे...', अमित ठाकरे ने ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों को दी धमकी, भाजपा ने किया पलटवार

 Reported By: Yogendra Tiwari,  Sachin Chaudhary Written By: Subhash Kumar
 Published : Aug 28, 2026 07:59 pm IST,  Updated : Aug 28, 2026 08:02 pm IST

मनसे के नेता और राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे ने ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों को मराठी सीखने के लिए दी गई 1 साल की मोहलत पर नाराजगी जताई है। ठाकरे ने कहा है कि किसी चालक ने मनमानी या सीना जोरी की तो हम मारेंगे।

maharashtra auto taxi drivers marathi Amit Thackeray - India TV Hindi
अमित ठाकरे ने ऑटो-टैक्सी चालकों को दी धमकी। Image Source : REPORTER/PTI

महाराष्ट्र सरकार ने ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें मराठी भाषा सीखने के लिए 1 साल का समय दे दिया है। सरकार के इस फैसले के ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों में खुशी का माहौल है। हालांकि, विपक्ष इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साध रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण विद्यार्थी सेवा के अध्यक्ष और राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे ने नागपुर में मीडिया के साथ बातचीत करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने मराठी भाषा की अनिवार्यता से जुड़ा फैसला आगे बढ़ा दिया है। अमित ठाकरे ने इस दौरान ऑटो रिक्शा और टैक्सी चालकों को पीटने की भी धमकी दी है।

क्या बोले अमित ठाकरे?

मुख्यमंत्री द्वारा देवेंद्र फडणवीस द्वारा मराठी के अनिवार्यता की समय सीमा बढ़ाने के फैसले पर नाराजगी जताते हुए अमित ठाकरे ने कहा कि "सरकार को मराठी भाषा के प्रति कितनी सहानुभूति है, यह इस फैसले से साफ जाहिर होता है। ऑटो रिक्शा चालकों को मराठी सीखनी होगी। किसी ने मनमानी या सीना जोरी की तो हम मारेंगे।"

अमित ठाकरे ने कहा- "अगर आप लोगों को परेशान करेंगे तो मार खाएंगे। लोगों को परेशान मत करो। आप लोगों के ऊपर यह मत थोपो कि यूपी में बोलना है, यूपी की भाषा बोलनी है या हिंदी बोलनी है। हम मराठी में बोलेंगे। आपको समझने में इतनी तकलीफ क्यों होती है? टैक्सी वाले के साथ ऐसी क्या बातचीत होती है? रिक्शावाले के साथ क्या ऐसी चर्चा होती है? प्लीज, मुझे वह सुनना है- कहां जाना है? बाईं तरफ, दाईं तरफ, ओटीपी क्या है? यह सीखने के लिए आपको अभी एक साल और देना पड़ रहा है? तो यह किसी चुनाव के लिए हो रहा है ना? जो चुनाव उनके लिए फंसा हुआ है यूपी का, अभी जो आंदोलन हुआ, उसकी वजह से।"

आशीष शेलार ने किया पलटवार

बीजेपी नेता और कैबिनेट मंत्री आशीष शेलार ने अमित ठाकरे के रिक्शा-टैक्सी चालकों को पीटने वाले बयान पर पलटवार किया है। आशीष शेलार ने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि "महाराष्ट्र में सभी लोगों को मराठी भाषा आनी चाहिए और मराठी का सम्मान होना चाहिए, यह बीजेपी की भी भूमिका है। जो गैर-मराठी रिक्शा और टैक्सी चालक मराठी सीखना चाहते हैं, उन्हें समय मिलना चाहिए। इसी वजह से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनकी मांग को देखते हुए समय बढ़ाकर दिया है। मुख्यमंत्री ने बहुत अच्छा फैसला लिया है, लेकिन किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं है।"

अमित ठाकरे पर निशाना साधते हुए आशीष शेलार ने कहा कि "जब महाविकास आघाड़ी की सरकार थी, उस समय अमित ठाकरे के चाचा उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे और उनके भाई आदित्य ठाकरे मंत्री थे। तब ठाकरे ने मराठी भाषा से जुड़े इस कानून के अमल के लिए क्या प्रयास किए थे? पहले उन्हें अपने चाचा उद्धव ठाकरे और भाई आदित्य ठाकरे से यह सवाल पूछना चाहिए। इसके बाद ही उन्हें इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए और मराठी अस्मिता की बात करनी चाहिए।"

ये भी पढ़ें- मराठी भाषा अनिवार्य किए जाने के खिलाफ ऑटो रिक्शा और कैब चालकों का बड़ा कदम, बॉम्बे हाई कोर्ट का रुख किया

महाराष्ट्र में गैर-मराठी ऑटो रिक्शा-टैक्सी चालकों का विरोध, काम किया बंद, कहा- कार्रवाई के पीछे हो रही राजनीति

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।