महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि सत्तारूढ़ महायुति सहयोगियों के बीच काम का श्रेय लेने की कोई होड़ नहीं है। उन्होंने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ एक टीम की तरह काम कर रहे हैं। शिंदे ने यह टिप्पणी शनिवार को प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित पूरे पेज के विज्ञापनों पर पूछे गए सवाल के जवाब में की।
विज्ञापनों में केवल मुख्यमंत्री को दिखाया गया
इन विज्ञापनों में केवल मुख्यमंत्री फडणवीस को दिखाया गया था। एक विज्ञापन में फडणवीस को छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए दिखाया गया था, जबकि दूसरे विज्ञापन में उन्हें दस दिवसीय गणपति उत्सव के अंतिम दिन अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान गणेश की पूजा करते हुए दिखाया गया था। दोनों विज्ञापनों के नीचे मराठी में ‘देवभाऊ’ लिखा हुआ था।
हालांकि यह पता नहीं चल सका कि ये विज्ञापन किसने दिए। शनिवार को ठाणे में एक सार्वजनिक समारोह से इतर पत्रकारों ने शिंदे से प्रश्न किया कि क्या ये विज्ञापन मुख्यमंत्री फडणवीस की खुद को मराठा आरक्षण के वास्तुकार के रूप में पेश करने का प्रयास है। इस पर शिंदे ने कहा, "हम श्रेय लेने की होड़ में नहीं हैं। एक टीम के रूप में अपनी दूसरी पारी शुरू की है। आगे भी हमारा एजेंडा वही रहेगा- राज्य का विकास और गरीबों एवं जरूरतमंदों की मदद करना।"
मराठा समुदाय के आरक्षण पर क्या बोले शिंदे?
इससे पहले अपने एक बयान में एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा था कि राज्य सरकार मराठा समुदाय के साथ आरक्षण के मुद्दे पर कोई अन्याय नहीं करेगी, लेकिन अन्य समुदायों को भी निराश नहीं करेगी। शिंदे ने कहा कि सरकार मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे की मांगों के प्रति सकारात्मक है, लेकिन वे उचित और कानूनी रूप से मान्य होनी चाहिए। (इनपुट- भाषा)
ये भी पढ़ें-
फेसबुक पर की गई पोस्ट को लेकर हुआ ऐसा विवाद, एक दोस्त ने दूसरे का रेत दिया गला
VIDEO: उज्जैन में हादसा, पुल से शिप्रा नदी में गिरी कार, कई लोगों के फंसे होने की आशंका