कल यानी 23 नवंबर को महाराष्ट्र से एक बड़ी खबर सामने आई कि राज्य के पर्यावरण मंत्री पकंजा मुंडे के पीए अनंत गर्जे की पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना 22 नवंबर की रात को हुई जिसके बाद मृतका के परिजनों ने अनंत गर्जे के ऊपर कुछ गंभीर आरोप लगाए। आपको बदा दें कि अनंत गर्जे की पत्नी डॉक्टर गौरी पालवे ने वर्ली में स्थित अपने घर पर फांसी लगाकर अपनी जिंदगी को खत्म कर लिया। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज किया और आज अनंत गर्जे को गिरफ्तार कर लिया है। आइए आपको पूरा मामला बताते हैं।
Related Stories
कुछ महीने पहले हुई थी शादी
आपको बता दें कि अनंत गर्जे और डॉक्टर गौरी पालवे की शादी 7 फरवरी को हुई थी जिसमें पंकजा मुंडे और पूर्व सांसद प्रीतम मुंडे भी शामिल हुए थे। शादी को अभी कुछ महीने ही हुए थे कि गौरी ने खुद को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने यह आरोप लगाया कि अनंत गर्जे का कहीं अफेयर चल रहा था और इससे गौरी मानसिक रूप से परेशान रहती थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि गौरी की हत्या की गई है और इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है। इसके बाद पुलिस ने BNS की धारा 108, 85, 352 और 351(2) के तहत केस दर्ज किया।
पंकजा मुंडे की टीम ने क्या कहा?
इस मामले में मंत्री पंकजा मुंडे के कार्यालय की तरफ से एक बयान जारी किया गया है। उसमें कहा गया, 'कल, दिनांक 22 नवंबर 2025 की शाम लगभग 6:30 से 6:45 बजे के बीच मेरे पीए अनंत का फोन मेरे दूसरे पीए के फोन पर आया। वह बहुत रो रहा था। उसने बेहद दुख के साथ बताया कि उसकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली है। यह बात मेरे लिए भी बेहद झकझोर देने वाली थी। मेरी इच्छा है कि पुलिस की किसी भी कार्रवाई में कोई कमी न रहे और वे सही तरीके से जांच कर इस मामले को संभालें। यह बात मैंने पुलिस से भी कही है। मैं गौरी के पिता से भी बात की है, वे बेहद दुख में हैं, और मैं उनकी पीड़ा समझ सकती हूं। ऐसी घटनाएं दिल को झकझोर कर रख देती हैं और मन को सुन्न कर देती हैं। किसी के अत्यंत निजी जीवन में क्या चल रहा होता है, यह समझ पाना कठिन होता है। अचानक हुई इस चौंकाने वाली घटना से मैं भी बेहद व्यथित हूं।'
आज अनंत गर्जे हुआ गिरफ्तार
अब इस मामले में पुलिस ने अनंत गर्जे को गिरफ्तार कर लिया है। अनंत को अपनी पत्नी के आत्महत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है। गौरी के परिवार ने अनंत पर गंभीर आरोप लगाया है जिसमें अनंत के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात कही गई है। पुलिस अब कुछ ही समय में अनंत को कोर्ट में पेश करेगी और उसके बाद क्या होता है, यह सब कोर्ट के फैसले पर निर्भर करता है।
ये भी पढ़ें-
पीए की पत्नी के आत्महत्या करने पर पंकजा मुंडे का बयान आया सामने, जानिए क्या कहा