1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. “तुम पिछले जन्म की अप्सरा हो” कहकर ढोंगी बाबा अशोक खरात ने किया महिला का यौन शोषण, आज तीसरा मामला दर्ज

“तुम पिछले जन्म की अप्सरा हो” कहकर ढोंगी बाबा अशोक खरात ने किया महिला का यौन शोषण, आज तीसरा मामला दर्ज

 Reported By: Sachin Chaudhary Edited By: Rituraj Tripathi
 Published : Mar 23, 2026 02:25 pm IST,  Updated : Mar 23, 2026 02:29 pm IST

कथित भोंदू बाबा अशोक खरात से जुड़े सनसनीखेज मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ढोंगी बाबा अशोक खरात के खिलाफ आज तीसरा मामला दर्ज किया गया है।

Ashok Kharat- India TV Hindi
अशोक खरात Image Source : REPORTER INPUT

नासिक: कथित भोंदू बाबा अशोक खरात से जुड़ा एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले में सरकारवाड़ा पुलिस थाने में उसके खिलाफ तीसरा मामला दर्ज किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

पारिवारिक विवाद से परेशान एक विवाहित महिला जब अशोक खरात के पास समाधान के लिए पहुंची, तो खरात ने खुद को त्रिकालज्ञानी और अवतारी पुरुष बताकर उसका भरोसा जीत लिया। उसने महिला को यह कहकर भ्रमित किया कि तुम पिछले जन्म की अप्सरा हो और तुम्हारा तलाक पहले से ही तय है।

आरोप है कि इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने धार्मिक अनुष्ठान, भविष्यवाणी और तांत्रिक उपायों के नाम पर महिला का यौन शोषण किया। उसने महिला के मन में डर और झूठी उम्मीदें पैदा कर उसे अपने प्रभाव में बनाए रखा।

मामले का सबसे गंभीर पहलू तब सामने आया जब शिकायत में बताया गया कि शोषण के दौरान महिला गर्भवती हो गई। इसके बाद खरात ने उसे अपने कार्यालय में बुलाकर गर्भपात की दवाएं दीं।

इतना ही नहीं, उसने महिला को यह कहकर भी बहकाया कि “मेरे भाग्य में दो शादियां हैं, तुम मुझसे विवाह कर लो, मैं तुम्हें और तुम्हारे बच्चों को सुखी रखूंगा।”  शादी करने का झूठा वादा कर वह लगातार उसे गुमराह करता रहा।

इस पूरे मामले ने खरात की कथित भोंदूगिरी और महिलाओं के शोषण के गंभीर पहलुओं को उजागर कर दिया है। पुलिस जांच आगे बढ़ने के साथ ही और भी चौंकाने वाले खुलासों की संभावना जताई जा रही है।

मुख्यमंत्री फडणवीस का भी सामने आया बयान

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और वे कल सदन में विस्तृत जानकारी देंगे।

देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "अशोक खरात से जुड़ा मामला बेहद गंभीर है। इस व्यक्ति ने अपने तथाकथित अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए कई महिलाओं के खिलाफ अपराध किए हैं, हमारी पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई की है, उन्होंने इसके लिए जाल बिछाया था। चूंकि इसमें महिलाएं शामिल थीं, इसलिए वे सामने आने को तैयार नहीं थीं, उनके साथ धोखा हुआ है, अब हिम्मत जुटाकर महिलाएं शिकायत दर्ज करा रही हैं, हालांकि अब कार्रवाई की गई है, लेकिन इसकी तैयारी पहले से ही चल रही थी। हमने 10 मार्च को एक मामले में ढोंगी खरात के खिलाफ LOC निकाला था और ऐसी व्यवस्था की थी कि वह बाहर भाग न सके,यह महिलाओं के आत्मसम्मान का सवाल है। महिलाओं को यह कहकर धोखा दिया गया कि हमारे पास अलग शक्तियां हैं। इसकी गंभीरता को ध्यान में रखते हुए,मैं कल इस पर विस्तृत बयान दूंगा,साथ ही, मैं हमेशा क्लीन चिट नहीं देता। मैं केवल उन्हीं को क्लीन चिट देता हूं जो बेदाग होते हैं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।