Sunday, February 22, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. नाम छिपाकर रह रहे थे अवैध बांग्लादेशी, नासिक से 8 गिरफ्तार, पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

नाम छिपाकर रह रहे थे अवैध बांग्लादेशी, नासिक से 8 गिरफ्तार, पुलिस की पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे

Edited By: Dhyanendra Chauhan @dhyanendraj Published : Feb 07, 2025 08:42 am IST, Updated : Feb 07, 2025 08:48 am IST

पुलिस ने इन अवैध बांग्लादेशियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस को इनके पास से ऐसे कागजात मिले हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार- India TV Hindi
Image Source : META AI अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नासिक जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। नासिक पुलिस ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर केंद्रीय अपराध शाखा (क्राइम ब्रांच) की टीम ने एक निर्माण स्थल पर छापा मारा। जहां से आठ बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया। छापे के बाद संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया, क्योंकि वे भारतीय नागरिकता का सबूत देने में विफल रहे। 

600 लोगों के बीच कर रहे थे काम

यह कार्रवाई बांग्लादेशी मूल के अवैध अप्रवासियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए नासिक पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। इस कार्रवाई का ब्यौरा साझा करते हुए कमिश्नर संदीप कार्णिक ने कहा, 'नासिक पुलिस बांग्लादेशी मूल के अवैध प्रवासियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए अभियान चला रही है। पिछले हफ्ते सूचना मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक एक निर्माण स्थल पर 600 लोगों के बीच काम कर रहे हैं। हमारी टीम ने गुप्त रूप से जांच की और 8 संदिग्धों से पूछताछ करने पर पता चला कि वे बांग्लादेशी हैं।'

आधार कार्ड और पैन कार्ड तक बनवा लिए

इसके साथ ही पुलिस ने कहा, 'हम जांच कर रहे हैं कि अवैध बांग्लादेशी भारत में कैसे घुसे और उन्हें भारतीय दस्तावेज कैसे मिले? इन अवैध बांग्लादेशियों के पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड भी जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने कहा कि ये बड़ी बात है कि अवैध बांग्लादेशियों ने कुछ ही समय में आधार कार्ड और पान कार्ड तक अपने नाम बनवा लिया। इन सभी विवरणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

कहीं राष्ट्र विरोधी गतिविधी में तो नहीं शामिल

पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, 'नासिक पुलिस और हम एटीएस, राज्य खुफिया विभाग की भागीदारी के साथ जांच में आगे बढ़ रहे हैं। हम अन्य जांच एजेंसियों के साथ मिलकर यह पता लगाने के लिए उनकी पिछली गतिविधियों की भी जांच कर रहे हैं कि वे आपराधिक या राष्ट्र विरोधी गतिविधि में शामिल हैं या नहीं।' 

दिल्ली से अवैध बांग्लादेशी गिरफ्तार

इससे पहले, दिल्ली पुलिस ने शनिवार को मध्य दिल्ली जिले में अवैध रूप से रह रहे 18 बांग्लादेशियों को निर्वासित किया और तीन को गिरफ्तार किया । डीसीपी सेंट्रल एम हर्षवर्धन ने कहा, 'अब तक, मध्य जिले द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान में भारत में अवैध रूप से रह रहे 21 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उनमें से 18 का निर्वासन किया गया है और 3 को गिरफ्तार या पकड़ा गया है। इस मामले में दो प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।' उपराज्यपाल वीके सक्सेना के सख्त निर्देशों के बाद दिल्ली में अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई है।

ANI के इनपुट के साथ

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement