1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट, आज स्कूल रहेंगे बंद, चंद्रपुर में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत

मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट, आज स्कूल रहेंगे बंद, चंद्रपुर में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 26, 2023 10:16 pm IST,  Updated : Jul 27, 2023 06:14 am IST

मुंबई में एकबार फिर बारिश कहर बरपा सकती है। मौसम विभाग ने शहर और आसपास के इलाकों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।

मुंबई में बारिश- India TV Hindi
मुंबई में बारिश Image Source : पीटीआई

मुंबई: मौसम विभाग ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। आज मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। प्रशासन ने मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए सभी स्कूलों में आज छुट्टी का ऐलान कर दिया है। मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में भी भारी बारिश के आसार हैं। उधर, महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। 

सभी स्कूल कॉलेज रहेंगे बंद

मुंबई में एक बार फिर बारिश कहर बरपा सकती है। मौसम विभाग की मानें तो कल मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार हैं। बारिश के मद्देनजर प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है। मुंबई नगर आयुक्त और प्रशासक डॉ. इकबाल सिंह चहल ने मुंबई के सभी नगरपालिका, सरकारी और निजी स्कूलों और सभी कॉलेजों में छुट्टी की घोषणा कर दी है।

मुंबई में आज भी हुई बारिश

मुंबई में बुधवार को भारी बारिश के कारण यातायात प्रभावित हुआ लेकिन कुछ देरी के साथ उपनगरीय रेल सेवाओं का परिचालन सामान्य रहा। मुंबई में सुबह आठ बजे से शाम चार बजे के बीच 61.19 मिमी बारिश हुई, जबकि इसी अवधि में पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 34.53 मिमी और 40.68 मिमी बारिश दर्ज की गई। 

मुंबई के आसमान पर छाए घने बादल
Image Source : पीटीआईमुंबई के आसमान पर छाए घने बादल

चंद्रपुर में आकाशीय बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में चार स्थानों पर पिछले 24 घंटों में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चार महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला घायल हो गयी है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को जिला मुख्यालय से करीब 75 किलोमीटर दूर सिंदेवाही तहसील के देलान्वादी गांव में धान के खेत में काम कर रही 45 और 47 साल की दो महिलाओं की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में 33 वर्षीय एक महिला झुलस गई है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चंद्रपुर से लगभग 125 किलोमीटर दूर ब्रह्मपुरी तहसील के बेतला गांव में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से 35 वर्षीय एक महिला और कोरपना तहसील में एक किसान की मौत हो गई। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि गोंदपीपरी तहसील में मंगलवार शाम को आकाशीय बिजली गिरने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। (इनपुट-एजेंसी)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।