1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस ने ठाकरे सेना को दी नसीहत, गठबंधन धर्म का करें पालन

Lok Sabha Elections 2024: कांग्रेस ने ठाकरे सेना को दी नसीहत, गठबंधन धर्म का करें पालन

 Reported By: Dinesh Mourya, Edited By: Niraj Kumar
 Published : Mar 28, 2024 06:50 pm IST,  Updated : Mar 28, 2024 06:50 pm IST
Bala sahab thorat, congress- India TV Hindi
बाला साहब थोराट, कांग्रेस नेता Image Source : FILE

Lok Sabha Elections 2024: महाराष्ट्र में लोकसभा चुनावों को लेकर महाविकास अघाड़ी के अंदर सीट शेयरिंग का मुद्दा उलझता जा रहा है। अब कांग्रेस ने उद्धव ठाकरे की सेना को गठबंधन धर्म का पालन करने की नसीहत दी है। कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट ने कहा कि उद्धव ठाकरे की सेना (UBT) गठबंधन धर्म का पालन करे और सांगली एवं मुंबई की सीट कांग्रेस को दे। 

बालासाहेब थोराट ने कहा कि इंडिया गठबंधन में सभी की संयुक्त जिम्मेदारी है कि वह एक दूसरे को साथ दें। शिवसेना (UBT) को हमें सांगली की सीट, मुंबई की सीट देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 45 सीटों का विवाद हल हो चुका है। सिर्फ तीन जगहों पर थोड़ी बहुत समस्या है। बातचीत के जरिए ये मसला हल हो जाना चाहिए। वहीं उ्नहोंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान को हमने जानकारी दे दी है। जो जो यहां होता है उसकी जानकारी हम देते हैं।

इससे पहले शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत नेकहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र की सांगली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने संबंधी फैसले पर कायम है। उन्होंने कहा कि किसी को भी ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जिससे सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मदद मिले। उनकी पार्टी द्वारा सांगली सीट और मुंबई से कुछ उम्मीदवारों सहित 17 उम्मीदवारों की पहली सूची की बुधवार को घोषणा के बाद राउत कांग्रेस की नाराजगी के बारे में पूछे गये सवालों का जवाब दे रहे थे। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन महा विकास आघाडी (एमवीए) में शामिल हैं। 

राउत ने कहा, ‘‘कांग्रेस को देश का नेतृत्व करना है और हम उसके प्रयास में पार्टी का समर्थन करते हैं। क्या कांग्रेस सिर्फ एक सीट (सांगली) के लिए भाजपा के खिलाफ लड़ाई छोड़ देगी?’’ उन्होंने कहा कि यदि विपक्षी गठबंधन एक इकाई के रूप में एकजुट रहता है, तो एमवीए सांगली सीट आसानी से जीत सकता है। शिवसेना (यूबीटी) ने सांगली से पहलवान चंद्रहार पाटिल को उम्मीदवार बनाया है। राउत ने कहा, ‘‘यदि किसी का भाजपा को परोक्ष रूप से मदद करने का कोई और इरादा है तो हम ऐसा नहीं होने देंगे।’’ कांग्रेस नेताओं के अनुसार पार्टी सांगली, मुंबई दक्षिण मध्य और मुंबई उत्तर पश्चिम सीटों से चुनाव लड़ने की इच्छुक है और ये सभी सीट शिवसेना (यूबीटी) द्वारा जारी सूची में शामिल हैं।  महाराष्ट्र की 48 सीट के लिए लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से 20 मई के बीच पांच चरणों में होंगे और मतगणना चार जून को होगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।