1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र: नासिक के एक प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप

महाराष्ट्र: नासिक के एक प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, मच गया हड़कंप

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Sep 16, 2025 06:56 am IST,  Updated : Sep 16, 2025 07:03 am IST

महाराष्ट्र के नासिक में एक प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने कहा कि हमने गहन जांच कर ली है।

Bomb threat- India TV Hindi
प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी Image Source : ANI

नासिक: महाराष्ट्र के नासिक में एक प्राइवेट स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस मामले के सामने आने के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और उसका कहना है कि हमने गहन जांच की है। फिलहाल कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

पुलिस का सामने आया बयान

इंस्पेक्टर तृप्ति सोनवणे ने बताया, "इंदिरानगर पुलिस स्टेशन को सुबह करीब 2.45 बजे एक फर्जी ईमेल पते से एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसमें दावा किया गया था कि वड़ा पथरी रोड स्थित नासिक कैम्ब्रिज हाई स्कूल के बाथरूम में बम है। स्कूल प्रशासन द्वारा सूचित किए जाने पर, पुलिस ने बम निरोधक दस्ते को बुलाया और मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन करते हुए गहन जांच की। कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे स्कूल के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई। जांच जारी है, और साइबर पुलिस स्टेशन फर्जी ईमेल पते का पता लगाने में मदद कर रहा है।" 

हालही में बॉम्बे हाई कोर्ट को मिली थी बम से उड़ाने की धमकी

बीते दिनों दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि जब इस मामले की जांच की गई तो कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। ईमेल के जरिए दी गई धमकी में ये कहा गया था कि जज रूम में 3 बम रखे हैं।

जिसके बाद कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। 

दिल्ली के प्रतिष्ठित ताज पैलेस होटल को भी मिली थी धमकी

हालही में दिल्ली के प्रतिष्ठित ताज पैलेस होटल को भी शनिवार को बम धमकी मिली थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस में हड़कंप मच गया था और उसने होटल में व्यापक तलाशी अभियान चलाया था। यहां भी जांच के बाद कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने इसे झूठी धमकी बताया।

पुलिस जांच के दौरान होटल के मेहमानों और स्टाफ को कुछ घंटों के लिए परेशानी हुई, लेकिन किसी तरह का खतरा नहीं पाया गया। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, "होटल प्रबंधन को सुबह प्राप्त ईमेल में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी। इसके तुरंत बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और होटल के सभी हिस्सों की बारीकी से छानबीन की, लेकिन कुछ नहीं मिला।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।