Friday, February 13, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. मुंबई में मूसलाधार बारिश, तालाब बनीं सड़कें, 'ऑरेंज अलर्ट' पर शहर; लोकल ट्रेन का क्या है हाल?

मुंबई में मूसलाधार बारिश, तालाब बनीं सड़कें, 'ऑरेंज अलर्ट' पर शहर; लोकल ट्रेन का क्या है हाल?

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2 Published : Sep 15, 2025 03:52 pm IST, Updated : Sep 15, 2025 03:58 pm IST

IMD ने अगले 24 घंटे के लिए महानगर और उपनगरों में अलग-अलग स्थानों पर ‘‘भारी से बहुत भारी बारिश’’ के साथ बादल छाए रहने, बादलों की गरज तथा बिजली की चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है।

mumbai heavy rain- India TV Hindi
Image Source : PTI मुंबई में भारी बारिश

मुंबई में सप्ताह के पहले दिन सोमवार को भारी बारिश के कारण महानगर और उपनगरों के निचले इलाकों में जलभराव होने से यातायात प्रभावित रहा और वाहन रेंगते नजर आए। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ओर से सुबह साढ़े आठ बजे जारी किए गए ‘रेड अलर्ट’ में महानगर और आसपास के इलाकों में तीन घंटे तक बेहद भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया गया था, लेकिन बाद में बारिश की तीव्रता कम होने पर इसे ‘ऑरेंज अलर्ट’ में बदल दिया गया। 

मालगाड़ी के पटरी पर रुकने से लोकल ट्रेन सर्विस प्रभावित

ठाणे जिले में मध्य रेलवे मार्ग पर एक मालगाड़ी के पटरी पर फंस जाने के कारण, पहले से ही देरी से चल रहीं लोकल ट्रेन सेवाएं और ज्यादा प्रभावित हो गईं। जिले में भारी बारिश के कारण पहले से ही ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं। मध्य रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि अपराह्न करीब 12.55 बजे पहिया फिसलने के कारण बादलपुर और अंबरनाथ रेलवे स्टेशनों के बीच एक मालगाड़ी रुक गई। प्रवक्ता ने कहा, ‘‘बारिश और पहिया फिसलने के कारण ट्रेन सीएसएमटी जाने वाले ट्रैक पर रुक गई है। एक सहायक इंजन भेजा गया है और उसे आगे बढ़ाया जा रहा है।’’

लोकल ट्रेनों में फंस गए यात्री, रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ी

दक्षिण मुंबई में छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस जाने वाली लोकल ट्रेनों में यात्री फंस गए जिसके कारण रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ गई। दादर, बायकुला, मस्जिद, कुर्ला, सायन और अन्य रेलवे स्टेशनों के पास निचले इलाकों में भारी बारिश के परिणामस्वरूप पटरियों पर और पानी जमा होने के कारण सुबह से ही स्थानीय ट्रेनें, विशेष रूप से मुख्य लाइन (सीएसएमटी से कसारा) पर देरी से चल रही थीं। 

दादर, कुर्ला और बांद्रा रेलवे स्टेशनों में पटरियों पर जलभराव

रातभर और सुबह हुई भारी बारिश के बाद दादर, कुर्ला और बांद्रा रेलवे स्टेशनों में पटरियों पर जलभराव हो गया, जिससे यात्रियों ने कई लोकल ट्रेन के 10 से 15 मिनट देरी से चलने की शिकायत की। आधी रात के आसपास बादलों की गरज और बिजली की चमक के साथ शुरू हुई भारी बारिश सुबह भी जारी रही, जिससे किंग्स सर्कल, लालबाग, वर्ली, दादर, परेल, कुर्ला और अन्य निचले इलाकों में जलभराव हो गया।

mumbai monorail

Image Source : PTI
मुंबई में एक मोनोरेल ट्रेन तकनीकी खराबी के कारण अचानक पटरी पर रुक गई।

कहां-कहां ऑरेज अलर्ट जारी?

सुबह साढ़े आठ बजे जारी एक पूर्वानुमान में स्थानीय निकाय ने कहा कि मौसम विज्ञानियों ने अगले तीन घंटों के दौरान मुंबई और पड़ोसी ठाणे और रायगढ़ जिलों में भारी और अत्यंत भारी बारिश का अनुमान जताया गया था। इस दौरान बिजली चमकने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई थी। इसके बाद आईएमडी ने मुंबई, ठाणे और रत्नागिरी जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया था। आईएमडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘जारी किया गया ‘रेड अलर्ट’ केवल पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे तक के लिए ही था। अब ‘रेड अलर्ट’ रायगढ़ जिले तक ही सीमित है, जबकि शेष क्षेत्र को ‘ऑरेंज अलर्ट’ में रखा गया है।’’

अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम?

स्थानीय अधिकारी ने बताया कि अगले 24 घंटे के लिए, आईएमडी ने महानगर और उपनगरों में अलग-अलग स्थानों पर ‘‘भारी से बहुत भारी बारिश’’ के साथ बादल छाए रहने, बादलों की गरज तथा बिजली की चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। आईएमडी ने अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान जताते हुए पालघर, पुणे, अहिल्यानगर और बीड जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। छत्रपति संभाजीनगर सहित मराठवाड़ा क्षेत्र में भी सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा कि बुधवार से उत्तरी महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ सहित राज्य के अधिकतर हिस्सों में बारिश की गतिविधि कम होने की संभावना है। (भाषा इनपुट्स के साथ)

यह भी पढ़ें-

मुंबई की मोनोरेल थमी, तकनीकी खराबी के बाद यात्रियों को निकाला गया सुरक्षित

ट्रेन की छत पर खड़ा था सिरफिरा युवक, करंट ने दिया ऐसा झटका तेजी से गिरा नीचे, LIVE वीडियो आया सामने

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement